योगी आदित्यनाथ: “बजट सत्र ऐतिहासिक, विपक्ष की रचनात्मक भागीदारी आवश्यक”
लखनऊ।
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज।
बुद्धेश मणि पाण्डेय जिला प्रभारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी बजट सत्र को ऐतिहासिक बताते हुए विपक्ष से रचनात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई है। उन्होंने कहा कि 18 फरवरी से प्रारंभ होकर 5 मार्च तक प्रस्तावित यह सत्र प्रदेश के इतिहास में गिने-चुने लंबे सत्रों में से एक होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आज विधानमंडल की कार्यवाही राज्यपाल के अभिभाषण के साथ प्रारंभ होगी। इसके बाद 20 फरवरी को वर्ष 2025-26 का आम बजट प्रस्तुत किया जाएगा।” उन्होंने उम्मीद जताई कि सत्र में प्रदेश के विकास व जनहित से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा होगी।
योगी आदित्यनाथ ने विगत वर्षों में भाजपा सरकार द्वारा प्रदेश के विकास में किए गए कार्यों को अभूतपूर्व बताया और कहा कि इन उपलब्धियों पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने विपक्ष को सचेत करते हुए कहा कि हताश और निराश विपक्ष अक्सर चर्चा से बचने और बाधा उत्पन्न करने की कोशिश करता है, लेकिन लोकतंत्र में चर्चा और परिचर्चा आवश्यक है।
उन्होंने विपक्ष से अपील करते हुए कहा, “सदन की सुचारू कार्यवाही सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष की भी समान जिम्मेदारी है। यदि विपक्ष सार्थक बहस को प्रोत्साहित करता है, तो यह सत्र प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धियां दर्ज कर सकेगा।”
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस ऐतिहासिक सत्र में सरकार अपनी उपलब्धियों और आगामी योजनाओं को प्रभावी रूप से सदन के सामने रखेगी, जिससे प्रदेश की प्रगति को नई दिशा मिलेगी।