

डीडवाना कुचामन – मकराना- गौ माता के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन हेतु “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के अंतर्गत 15 अप्रैल 2026 को मकराना में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम युवा हिन्दू गौ रक्षा सेवा समिति मकराना द्वारा संचालित मंगलाना रोड स्थित गौमाता सर्किल गौवंश चिकित्सालय प्रांगण में शाम 6 बजे आयोजित होगा।
इस पावन अवसर पर श्री श्री 108 बालक दास जी महाराज (पीठाधीश्वर, रघुनाथ जी मंदिर, बरवाला) एवं संत श्री सुदर्शन दास जी महाराज (हिरानी गौशाला) का सान्निध्य प्राप्त होगा।
आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम किसी एक संगठन या व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि गौ माता के सम्मान के लिए एक सामूहिक संकल्प है, जिसमें “न कोई मंच, न कोई नाम – केवल गौ सेवा का भाव” रहेगा।
कार्यक्रम में समस्त सनातन धर्म प्रेमी, गौसेवक, गौशाला संचालक, महिलाओं (माता शक्ति) एवं मकराना तहसील के सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया है।
अभियान के अंतर्गत आगामी 27 अप्रैल 2026 को देशभर में तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपे जाएंगे। यह ज्ञापन तहसील, उपखंड अधिकारी एवं जिला कलेक्टर के माध्यम से सामूहिक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।
अभियान के प्रमुख उद्देश्यों में गौ संरक्षण हेतु जनजागरण, सशक्त केंद्रीय कानून की मांग, पूरे देश में समान गौ सेवा व्यवस्था लागू करना, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गौ माता को “राष्ट्रीय माता” घोषित करना तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में निराश्रित गोवंश के लिए नंदी गौशाला की स्थापना शामिल है।
आयोजकों ने सभी नागरिकों से समय का विशेष ध्यान रखते हुए कार्यक्रम में सहभागिता निभाने की अपील की है।






