
✍️अजीत मिश्रा✍️
बस्ती उत्तर प्रदेश
“हरैया में व्यक्ति को पीट कर मार डाला:परिजन बोले-नशे में की थी मारपीट, आरोपी गिरफ्तार”
बस्ती के परशुरामपुर थाना क्षेत्र के निपनिया गांव में शराब के नशे में हुए विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। गुरुवार रात 8:30 बजे की यह घटना मेढ़ये गांव के पास नहर किनारे हुई।
45 वर्षीय बुद्धिराम और 36 वर्षीय गोपी शर्मा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। यह कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई। विवाद के दौरान गोपी शर्मा ने लकड़ी की चारपाई का पावा उठाकर बुद्धिराम के सिर पर वार कर दिया। इस वार से बुद्धिराम की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही परशुरामपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी गोपी शर्मा को तुरंत हिरासत में ले लिया। अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने घटना की बारीक जांच की।
पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की। उनकी तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में इस घटना के बाद तनावपूर्ण माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।