
प्रेस विज्ञप्ति
गया, 31 मई 2025
महिलाओं की आकांक्षाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम बना महिला संवाद
जिले में संचालित महिला संवाद कार्यक्रम महिलाओं की आकांक्षाओं की अभिव्यक्ति का प्रभावी मंच बनकर उभरा है। यहाँ महिलाएँ निःसंकोच अपनी बात रख रही हैं और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाली सरकारी योजनाओं की सराहना कर रही हैं। ये योजनाएँ जन्म से लेकर शिक्षा और विवाह तक, बच्चियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। साथ ही, महिलाएँ अपने क्षेत्र की समस्याओं को भी साझा कर रही हैं। अब तक महिला संवाद ऐप के माध्यम से 62,872 महिलाओं ने विभिन्न आकांक्षाएँ व्यक्त की हैं और अपनी स्थानीय समस्याओं को दर्ज कराया है।
महिला संवाद कार्यक्रम के जरिए लाखों महिलाओं ने अपनी आवाज़ बुलंद की है। इस मंच का उपयोग करते हुए उन्होंने बाल विवाह, घरेलू हिंसा आदि के खिलाफ शपथ ली है, राज्य में शराबबंदी का समर्थन किया है और लैंगिक भेदभाव के विरुद्ध अपनी राय प्रकट की है।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जिले के सभी पंचायतों में स्थित ग्राम संगठनों के सहयोग से महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। अब तक 23,000 से अधिक ग्राम संगठनों के सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है।
इन कार्यक्रमों में 3,167 ग्राम संगठनों के माध्यम से महिलाओं तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में इन योजनाओं को लेकर व्यापक उत्सुकता देखी गई, और महिलाओं ने सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस संवाद को अधिक प्रभावशाली बनाने हेतुजीविका ग्राम संगठन के सहयोग से इसे दो पालियों में आयोजित किया जा रहा है।
महिलाओं को योजनाओं की व्यापक जानकारी देने के लिए डिजिटल स्क्रीन युक्त वाहनों के माध्यम से वीडियो फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, वर्चुअल संचार उपकरण, सेल्फी पॉइंट्स और स्टैंडी का भी उपयोग किया जा रहा है। योजनाओं से संबंधित लीफ़लेट्स और मुख्यमंत्री संदेश वितरित किए जा रहे हैं, जिससे 31 से अधिक योजनाओं की जानकारी महिलाओं तक प्रभावी रूप से पहुँचाई जा सके।
इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक कर आत्मनिर्भर बनाना और सामुदायिक विकास को गति देना है। महिला संवाद के माध्यम से महिलाएँ अपनी समस्याओं के समाधान तलाश जाना और उसे हल करने का प्रयास करना है। यह कार्यक्रम न केवल जागरूकता फैलाने का सशक्त मंच है, बल्कि महिलाओं को उनके अधिकारों और उपलब्ध संसाधनों के प्रति जागरूक करने का प्रभावी प्रयास भी है। इससे वे अपने समुदाय के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने में सक्षम होंगी।
त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट डिवीज़न हेड गया
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़