उत्तर प्रदेशसोनभद्र

Sonbhadra news:जय भीम के नारों से गूंजा महुली, अंबेडकर जयंती पर दिखा अद्भुत उत्साह

टिकुरा टोला में 135वीं जयंती पर भव्य आयोजन, ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल सहित गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति

विंढमगंज/सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_ग्राम पंचायत महुली के टिकुरा टोला में भारत के संविधान शिल्पी डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पूरे जोश, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई। कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। “जय भीम” के गगनभेदी नारों के बीच लोगों ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।   कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजेश धुसिया, विशिष्ट अतिथि अरविंद जायसवाल (ग्राम प्रधान, महुली), उदय कुमार शर्मा तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ समाजसेवी राम लखन कनौजिया द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। आयोजन की भव्यता और अनुशासन ने सभी का मन मोह लिया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में राम लखन कनौजिया ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक न्याय का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जातिगत भेदभाव और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने शिक्षा को अपना हथियार बनाकर समाज में परिवर्तन की नई इबारत लिखी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात कर समाज में समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करें।
सेवानिवृत्त शिक्षक सत्यनारायण कन्नौजिया ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर असाधारण प्रतिभा के धनी थे, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई। वहीं सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक नथुन सिंह गौंड ने उनके शैक्षणिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने कोलंबिया विश्वविद्यालय और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश का गौरव बढ़ाया।
विशिष्ट अतिथि अरविंद जायसवाल (ग्राम प्रधान, महुली) ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक महान विधिवेत्ता ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता के सच्चे मार्गदर्शक थे। उन्होंने दलितों, किसानों, श्रमिकों और महिलाओं के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने समाज को एकजुट रहने और भेदभाव मिटाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि राजेश धुसिया ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने छुआछूत को गुलामी से भी बदतर बताया था, जो आज भी समाज के लिए एक चेतावनी है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के सिद्धांतों को अपनाकर ही एक सशक्त, समतामूलक और प्रगतिशील समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। इस अवसर पर सैयद अंसारी, रामचंद्र सिंह गोंड, जगरनाथ कनौजिया, भिखु राम, विवेक कनौजिया, राजदेव प्रसाद जायसवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन पूर्व विधानसभा अध्यक्ष (बसपा) मनोज भारती ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सूबेदार प्रसाद (प्रधानाध्यापक), शोभनाथ भारती (समाज अध्यक्ष), विनोद भारती तथा अध्यक्ष उपेंद्र भारती की महत्वपूर्ण भूमिका रही। युवा टीम के अभिषेक, मुकेश, दीपक, विवेक, विमलेश, राजकुमार, लवकुश, रवि, रोहित, सोनू, मनीष, सुरेंद्र, राजा बाबू, नितेश और अमरेश सहित अनेक युवाओं ने पूरे समर्पण और उत्साह के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।

Back to top button
error: Content is protected !!