A2Z सभी खबर सभी जिले कीमहाराष्ट्र

पुराने काम के विवाद में मजदूर पर चाकू-सत्तूर से जानलेवा हमला, दोनों आरोपी गिरफ्तार

समीर वानखेडे ब्यूरो चीफ:
चंद्रपुर एमआईडीसी चिंचाळा इलाके में पुराने काम के विवाद को लेकर 35 वर्षीय मजदूर पर चाकू और सत्तूर से जानलेवा हमले की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पडोली पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, अतुल ईश्वर बोरकर (उम्र 35), निवासी लहुजीनगर, एमआईडीसी चिंचाळा मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते हैं। करीब एक महीने पहले जब वे पडोली स्थित एक टायर दुकान में काम कर रहे थे, तब उनके दामाद पिताराम मेहरा का आरोपी रमाकांत बिहारी से काम को लेकर विवाद हुआ था। उस वक्त आरोपी द्वारा चाकू निकालकर धमकी देने की बात भी सामने आई थी।

इस बीच, 13 अप्रैल 2026 की आधी रात अतुल बोरकर घर में सो रहे थे, तभी उन्हें बाहर बुलाया गया। आरोप है कि सोयल उर्फ छोटू पठाण (उम्र 25), निवासी लहुजीनगर चिंचाळा ने चाकू से उनके चेहरे और हाथ पर ताबड़तोड़ वार किए। वहीं रमाकांत बिहारी ने सत्तूर हाथ में लेकर उन्हें पकड़ा और धक्का दिया। हमले में बोरकर के गाल, हाथ और गर्दन के पास गंभीर जख्म हुए हैं, जिन पर टांके लगाए गए हैं।

हमले के वक्त मौके पर मौजूद नागापूरे ने बीच-बचाव कर बोरकर को छुड़ाया। आशंका जताई जा रही है कि यदि वे बीच में नहीं आते तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। घायल का आरोप है कि पुराने विवाद के चलते आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया।

इस मामले में पडोली पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 3(5) और शस्त्र अधिनियम की धारा 25, 4 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी सोयल उर्फ छोटू पठाण और रमाकांत बिहारी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

मामले की आगे की जांच पडोली पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी योगेश हिवसे के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक रोशन इरपाचे कर रहे हैं। फिलहाल घायल अतुल बोरकर का जिला सामान्य अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!