A2Z सभी खबर सभी जिले की

कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक सम्पन्न,

सुशासन तिहार 2026 की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा

सूरजपुर:- कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप ‘सुशासन तिहार 2026‘ के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में शासन के निर्देशानुसार जन शिकायतों के त्वरित, समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से 01 मई से 10 जून 2026 तक जन समस्या निवारण शिविरों के आयोजन की रूपरेखा पर व्यापक विमर्श किया गया।

क्लस्टरवार शिविरों की तिथि, स्थान एवं नोडल अधिकारी निर्धारित :-

कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने सुशासन तिहार 2026 के सफल संचालन हेतु आदेश जारी करते हुए जिले के समस्त जनपद पंचायतों में क्लस्टरवार समाधान शिविरों की तिथि, स्थान एवं नोडल अधिकारियों का निर्धारण कर दिया है। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि 30 अप्रैल 2026 तक राजस्व प्रकरण, मनरेगा भुगतान, हितग्राहीमूलक योजनाएं, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, विद्युत एवं हैंडपंप आदि से संबंधित समस्त लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

ग्रामीण क्षेत्रों में लगेंगे क्लस्टरवार जनसमस्या निवारण शिविर :-

कलेक्टर ने बताया कि 01 मई से 10 जून 2026 तक ग्रामीण क्षेत्रों में क्लस्टरवार जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में प्राप्त समस्त आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा, जिससे पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंच सके।

विभागीय समन्वय एवं नियमित समीक्षा के निर्देशः-

कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने स्पष्ट किया कि अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु समस्त संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक अग्रिम तैयारियां, विभागीय समन्वय तथा नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि शासन की मंशानुरूप आमजन को त्वरित एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने नियुक्त नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदन पत्रों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण को सुनिश्चित करना सभी की प्राथमिकता रहे।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री पुष्पेन्द्र शर्मा, सर्व एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Back to top button
error: Content is protected !!