A2Z सभी खबर सभी जिले की

जिले के नवनियुक्त जिला अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल का आज कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन द्वारा किया गया स्वागत समारोह

महराजगंज।

महराजगंज जनपद के नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के सम्मान में शुक्रवार को एडवोकेट सभागार में कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन द्वारा स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत करते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि जिलाधिकारी के रूप में उनकी वापसी जनपद के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने पूर्व में मुख्य विकास अधिकारी रहते हुए जनपद के विकास कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया था, जिसे आज भी याद किया जाता है।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेमप्रकाश शुक्ला एवं मंत्री आनंद पाण्डेय ने जिलाधिकारी को माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि वर्ष 2021 से पूर्व गोरखपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के रूप में कार्य करते हुए उन्हें न्यायिक कार्यों का महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुआ। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ताओं की बहस सुनने और न्यायिक प्रक्रियाओं की जटिलताओं को समझने का अवसर मिला, जिससे उनकी न्यायिक कार्यों के प्रति रुचि और अधिक बढ़ी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 से 2023 तक मुख्य विकास अधिकारी तथा गोरखपुर नगर आयुक्त के रूप में कार्य करते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का अवसर मिला। महराजगंज को एक बेहतर जनपद बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां बार और बेंच के बीच अच्छा समन्वय देखने को मिलता है, जो न्यायिक कार्यों के सुचारु निष्पादन में सहायक है।

जिलाधिकारी ने कहा कि बार और बेंच के बीच संवाद एवं समन्वय निरंतर बना रहना चाहिए। उन्होंने सभी वरिष्ठ एवं नवोदित अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता शंभू शरण श्रीवास्तव, केशव पाण्डेय, अनिरुद्ध श्रीवास्तव, दिनेश लाल, राकेश बिहारी लाल श्रीवास्तव,विंध्यवासिनी मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्रा, सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!