A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

ज्ञान विज्ञान समिति का 12 वां राज्य सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न

 

ज्ञान विज्ञान समिति बिहार का 12वां राज्य सम्मेलन संपन्न, शिक्षा-स्वास्थ्य व समानता पर हुआ मंथन

 

ज्ञान विज्ञान समिति, बिहार के तत्वावधान में 12वां दो दिवसीय राज्य सम्मेलन दिनांक 25 एवं 26 अप्रैल 2026 को कैमूर जिले के चांद प्रखंड अंतर्गत मानव भारती हेरिटेज स्कूल में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। सम्मेलन में शिक्षा, स्वास्थ्य, वैज्ञानिक सोच और सामाजिक समानता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई।

सम्मेलन का उद्घाटन बिहार के पूर्व अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान ने किया। अपने उद्घाटन भाषण में उन्होंने समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के प्रसार और शिक्षा के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ज्ञान और विज्ञान ही समाज को अंधविश्वास से मुक्त कर सशक्त बना सकते हैं।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद मनोज कुमार ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मेलन समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशिष्ट अतिथि भभुआ विधायक भरत बिंद ने भी संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान को और मजबूत करने की आवश्यकता जताई।

सम्मेलन में राष्ट्रीय स्तर के कई पदाधिकारी एवं विशेषज्ञों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें डॉ. ओ.पी. भुनेरा (राष्ट्रीय सचिव, BGVS), आशा मिश्रा (राष्ट्रीय सचिव, AIPSN), डॉ. के.एन. चतुर्वेदी (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष), प्रो. एन.सी. शर्मा (राज्य अध्यक्ष) तथा मो. समीर आनंद (महासचिव, बिहार) शामिल रहे। सभी वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, लैंगिक समानता और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं और प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा भविष्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया। सम्मेलन में विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में वैज्ञानिक चेतना के प्रसार, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजक मंडल की अहम भूमिका रही। जिला सचिव बिरजू प्रसाद एवं अध्यक्ष ईश्वर लोक सिंह के नेतृत्व में पूरी टीम ने सम्मेलन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।

सम्मेलन के समापन अवसर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया। आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Back to top button
error: Content is protected !!