A2Z सभी खबर सभी जिले की

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर गुरु गोरक्षनाथ मंदिर में भव्य कार्यक्रम, तीर्थयात्रियों को दी गई शुभकामनाएं 

 

चौक बाजार/महराजगंज।

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर गुरु गोरक्षनाथ मंदिर में भव्य कार्यक्रम, तीर्थयात्रियों को दी गई शुभकामनाएं


महराजगंज। चौक बाजार स्थित गुरु गोरक्षनाथ मंदिर परिसर में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अवसर पर रविवार को भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, महंत लक्ष्मणदास एवं शिक्षाविद् एस.पी. सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनपद से चयनित सोमनाथ तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भारत की आस्था, संस्कृति और आत्मगौरव का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि गुजरात के प्रभास पाटन में स्थित सोमनाथ मंदिर द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम स्थान रखता है और इसका इतिहास भारतीय संस्कृति की अटूट आस्था का प्रतीक रहा है।


कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं पीएम श्री सोनरा विद्यालय की छात्राओं ने शिव तांडव सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं भजन गायक अमित अंजन के शिव भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
शिक्षाविद् एस.पी. सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा और उसके संरक्षण का प्रतीक है।
इससे पूर्व प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से सभी जनपदों के चयनित तीर्थयात्रियों को सोमनाथ के लिए विशेष ट्रेन से रवाना किया गया था, जिसका सजीव प्रसारण मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने देखा।
मुख्य कार्यक्रम के अंतर्गत मंदिर परिसर स्थित शिवालय में महंत लक्ष्मणदास जी एवं अधिकारियों द्वारा विधिवत रुद्राभिषेक किया गया तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम का संचालन शिरोमणि दुबे ने किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, परियोजना निदेशक आर.डी. चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक पी.के. शर्मा, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी व बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!