
पत्नी बच्चों संग गई मायके, पति की मौत
आरा। भोजपुर में शुक्रवार को युवक की अपने ही घर में पंखे के कुंडी से लटकी लाश मिली। मौत के पहले घरेलू विवाद हुआ था।पत्नी ने कहा है कि हम एक ही कमरे में दो बच्चों के साथ रहते हैं।खाना-पीना पलंग के नीचे बनाते हैं। पति से कहा था एक और कमरा मांगो। जब इस बारे में घर वालों से कहा तो मेरे पति के साथ मारपीट की गई। फिर वो घर से बाहर निकल गए, वे कह रहे थे कि अब हम जहर खा लेंगे।जब वो घर आए तो मुझसे कहा तुम्हारे चक्कर में कितना मार खाए। तुम बच्चों के साथ मायके चली जाओ नहीं तो ये लोग मेरे साथ तुम्हें भी मार देंगे। जब मैं घर से निकली थी तो वो अच्छे से थे। मेरे पति कानपुर में गार्ड का काम करते थे।मृतक कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के गुंडी गांव वार्ड नंबर 7 निवासी शिव शंकर सिंह का 35 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार सिंह है। वह उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित एक मॉल में प्राइवेट गार्ड का काम करता था। पिता के अनुसार पत्नी से झगड़ा के बाद प्रदीप ने सुसाइड कर लिया।मृतक की पत्नी लीलावती देवी ने बताया कि हमारी शादी को 11 वर्ष बीत चुके हैं। एक बेटा और बेटी है। ससुराल वालों ने एक ही रूम दिया है। जिसमें मैं रहती हूं। खाना भी उसी में बनाना पड़ता है। चार दिन पहले मेरे पति कानपुर से वापस गांव आए थे। गुरुवार की शाम मैंने अपने पति से एक और रूम अपने मां-बाप से मांगने के लिए कहा। जब रूम की मांग की तो मारपीट की गई। वे घर से बाहर चले गए। जेठ और भतीजे ने उन्हें वापस घर लाया।खिड़की से झांक कर देखा तो शव लटका मिला।मृतक के पिता शिव शंकर सिंह ने बताया कि अलग रहने को लेकर गुरुवार की शाम पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद शुक्रवार की सुबह वो दोनों बच्चों को लेकर अपने मायके चली गई थी। इसके बाद बेटा अपने कमरे में जाकर सो गया। सुबह से उसने खाना नहीं खाया था। जब हम लोग देर शाम उठाने गए तो उसने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद जब खिड़की से झांक कर देखा तो वह पंखे के कुंडी से लटका था। दरवाजा तोड़कर अंदर गए और शव को नीचे उतारा। सूचना स्थानीय थाना को दी।मृतक के पिता शिव शंकर सिंह ने पत्नी से झगड़ा होने के कारण आत्महत्या करने की बात कही है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि मृतक अपने चार भाई व एक बहन में तीसरे स्थान पर था। उसके परिवार में पत्नी लीलावती देवी, एक पुत्र आयुष कुमार और एक पुत्री पल्लवी कुमारी है।