

कांठ (मुरादाबाद, यूपी)। मां के साथ सो रही छह साल की मासूम बच्ची पर अचानक तेंदुए ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्ची को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ लाकर भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। तेंदूए द्वारा बच्ची पर हमला किए जाने की सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जांच पड़ताल करते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया है, साथ ही तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाए जाने का आश्वासन भी दिया है।

मामला कांठ तहसील क्षेत्र के गांव राजीपुर खाद्दर का है, यहां की रहने वाली पिंकी पत्नी संदीप सोमवार की तड़के करीब साढ़े तीन बजे अपने घर की छत पर अपनी छह साल की बेटी दीया और छोटी बेटी प्रज्ञा के साथ सो रही थी। अचानक पड़ोसी की छत के रास्ते से आए तेंदुए ने सो रही मासूम दीया पर हमला कर दिया, उसके शोर मचाने पर नींद से जागी पिंकी में जैसे-तैसे तेंदुए के चंगुल से बेटी को छुड़ाया और शोर मचाया, जिस पर तेंदुआ मासूम दीया को छोड़कर भाग गया।

इस दौरान परिवार के अन्य लोग और आसपास के ग्रामीण भी जाग गए। तेंदुआ होने पर वह लाठी डंडे लेकर दौड़ पड़े, लेकिन अंधेरा होने के कारण तेंदुआ जंगल की ओर भाग निकला। इधर तेंदुए के हमले से घायल हुई मासूम दीया को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बच्ची पर तेंदुए द्वारा हमले की सूचना मिलते ही डिप्टी वन डेंजर पुष्पेंद्र सिंह, वन दरोगा राजेंद्र सिंह, वन दरोगा अमरजीत सिंह और कांठ थाने से उपनिरीक्षक कमलदीप भी अस्पताल पहुंच गए और पूरे मामले की जानकारी जुटाते हुए तेंदुए को पकड़वाए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को जागरूक किया और पिंजरा लगाए जाने का आश्वासन भी देते हुए पंपलेट वितरित किए।

बता दें की मासूम दीया पर तेंदुए द्वारा किए गए हमले के बाद से गांव राजीपुर खद्दर सहित आसपास के कई गांवों में दहशत का माहौल हो गया है। पुलिस ने भी एनाउंसमेंट करा कर ग्रामीणों को जागरूक करते हुए सचेत किया है। बता दें की कांठ तहसील क्षेत्र में एक महीने में तेंदुए के द्वारा हमला कर मासूम बच्चों को घायल किए जाने का यह छठ मामला है। इससे पहले भी तेंदुए 23 मार्च से लेकर 16 अप्रैल तक चार बच्चों सहित एक किसान को घायल कर चुके हैं। जिससे कांठ क्षेत्र में तेंदुए की भारी दहशत व्याप्त है।
रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ।






