

डीडवाना-कुचामन जिले में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिला कलक्टर श्री अवधेश मीना की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई।
बैठक में जिला कलक्टर ने जिले में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा हेतु प्रभावी कार्य योजना तैयार की जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आ सके।
इस दौरान उन्होंने जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य राजमार्गों पर से अतिक्रमण हटाने, संकेतक बोर्ड लगाने, ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य करने एवं टोल प्लाजा पर एंबुलेंस व क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने जिले में सड़क सुरक्षा प्रभावी करने के लिये संबंधित एजेंसियों और विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क किनारे स्थित विद्युत पोल को निश्चित दूरीछोड़कर लगाने, ओवरलोडिंग व अनाधिकृत वाहन संचालन एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कारवाई करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने हाईवे पर सड़क किनारे अवैध रूप से रूकने वाले वाहनों को नियमित पैट्रोलिंग के जरिये हटाने और आवश्यक चालान कार्यवाही के लिये भी निर्देशित किया।
उन्होंने सभी सड़क एजेन्सी को उनके अधिकार क्षेत्र के सभी टोल प्लाजा पर कैसलेस ईलाज एवं पीएम राहत योजना की जानकारी के बोर्ड लगाने व प्रचार- प्रसार करने के निर्देश दिए। इस दौरान बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता फूलसिंह, जिला परिवहन अधिकारी सुप्रिया विश्नोई,रिडकोर के परियोजना प्रबंधक कैप्टन जितेंद्र सिंह, पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता जितेंद्र जांगिड़ सहित एनएचएआई अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी व कार्मिक मौजूद रहे।






