
लुधियाना। सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने में उल्लेखनीय योगदान के लिए रूल फॉलोअर्स क्लब NGO (Regd.) को स्पेशल डीजीपी ट्रैफिक एवं रोड सेफ्टी पंजाब, श्री ए.एस. राय (IPS) की ओर से प्रशंसा पत्र (Appreciation Certificate) प्रदान किया गया। यह सम्मान एडीसीपी ट्रैफिक लुधियाना श्रीमती गुरप्रीत कौर पुरेवाल द्वारा संस्था के प्रतिनिधियों को भेंट किया गया।
यह सम्मान रूल फॉलोअर्स क्लब द्वारा सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट जागरूकता, युवाओं में जिम्मेदार नागरिकता और जनहित अभियानों में किए जा रहे सराहनीय कार्यों की मान्यता स्वरूप दिया गया है।
इस अवसर पर संस्था के प्रतिनिधियों ने पंजाब पुलिस एवं ट्रैफिक विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी टीम के लिए प्रेरणा है और भविष्य में सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने के लिए संस्था और अधिक समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी।
संस्था द्वारा समय-समय पर स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों तथा सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया जाता रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव समाज में देखने को मिल रहा है।
स्पेशल डीजीपी ट्रैफिक एवं रोड सेफ्टी पंजाब द्वारा दिया गया यह सम्मान न केवल संस्था के प्रयासों की सराहना है, बल्कि समाज के लिए यह संदेश भी है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
रूल फॉलोअर्स क्लब NGO ने संकल्प लिया कि “सुरक्षित सड़कें, जागरूक नागरिक” अभियान को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और पंजाब को सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में एक मिसाल बनाया जा सके।
नारा:
“ट्रैफिक नियम अपनाएं, जीवन सुरक्षित बनाएं।”
“Rule Follow करें, Road Safe करें।”






