
समीर वानखेडे ब्यूरो चीफ:
नागपुर के अजनी थाना क्षेत्र के जादूमहल चौक इलाके में मंगलवार रात हुई चाकूबाजी की वारदात से हड़कंप मच गया है। पुरानी रंजिश के चलते 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस मामले के सभी आरोपी नाबालिग हैं।
मृतक की पहचान सागर गिरीधर सलामे (उम्र 22) के रूप में हुई है। वह साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचकर अपने परिवार का गुजारा करता था। वहीं घायल युवक हर्षल उर्फ एलेक्स शिंदे उसका दोस्त है, जिसकी हालत डॉक्टरों के मुताबिक नाजुक बनी हुई है।
*10 दिन पुराने विवाद में रची साजिश*
पुलिस के अनुसार, करीब दस दिन पहले सागर का एक नाबालिग लड़के से विवाद हुआ था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने सागर को खत्म करने की साजिश रची। घटना वाली रात महाप्रसाद कार्यक्रम के बहाने सागर को फोन कर जादूमहल चौक बुलाया गया।
सागर जैसे ही अपने दोस्त हर्षल के साथ वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे 10 से 12 नाबालिग लड़कों की टोली ने दोनों को घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने लाठी, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से दोनों पर हमला बोल दिया।
*नंदिनी मेडिकल स्टोर के पास चाकू से ताबड़तोड़ वार*
जान बचाने के लिए सागर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा किया और नंदिनी मेडिकल स्टोर के पास उस पर चाकू से बार-बार वार किए। गंभीर रूप से घायल सागर वहीं गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं हर्षल भी गंभीर रूप से जख्मी हालत में भागते हुए सक्करदरा तालाब के पास जाकर गिर गया। उसके दोस्तों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक है।
*ऑनलाइन मंगवाया था चाकू*
जांच में एक चौंकाने वाली बात सामने आई है कि मुख्य आरोपी ने हत्या की साजिश पहले ही रच ली थी और वारदात के लिए ऑनलाइन चाकू मंगवाया था।
खास बात यह है कि इस घटना का मुख्य आरोपी सिर्फ 17 साल का है और उसके साथ 14 साल का लड़का भी वारदात में शामिल था। इस घटना ने शहर में नाबालिगों में बढ़ती अपराध की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अजनी थाना अधिकारी नितीन चंद्र राजकुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच चल रही है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। शहर में कानून-व्यवस्था के लिहाज से इस घटना को बेहद चिंताजनक माना जा रहा है।











