A2Z सभी खबर सभी जिले कीमहाराष्ट्र

नागपुर में विवाद सुलझाने गए पीएसआई पर चाकू से जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

समीर वानखेडे ब्यूरो चीफ:
शहर के कळमना थाना क्षेत्र में डिप्टी सिग्नल इलाके में हुई सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विवाद सुलझाने पहुंचे पुलिस अधिकारी पर ही जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र, धर्मेंद्र और सोनू के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 22 साल है और सभी छिंदवाड़ा के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, ये तीनों करीब 15 दिन पहले ही नागपुर आए थे।

जानकारी के अनुसार, कळमना थाने में तैनात पीएसआई सचिन वाकलेकर गुरुवार रात करीब 8:30 बजे एक होमगार्ड जवान के साथ डिप्टी सिग्नल इलाके में नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें ‘उड़ता हनुमान चौक’ के पास दोपहिया वाहन सवारों के बीच विवाद की सूचना दी। हादसे को लेकर शुरू हुए इस विवाद में स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध को पकड़ रखा था।

*पीएसआई के कंधे पर किया वार*
सूचना मिलते ही पीएसआई वाकलेकर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने हालात काबू में लाने की कोशिश की और होमगार्ड जवान को युवक को हिरासत में लेकर थाने ले जाने का निर्देश दिया। लेकिन तभी हालात बिगड़ गए। विवाद सुलझाते वक्त एक आरोपी ने पीछे से आकर पीएसआई वाकलेकर के कंधे पर चाकू से वार कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

हमले के बाद आरोपियों ने और हंगामा कर मौके से भागने की कोशिश की। मुख्य आरोपी पीएसआई वाकलेकर की बुलेट मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गया। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की।

*पीएसआई का इलाज जारी*
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी निकेतन कदम समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल वाकलेकर को तुरंत भवानी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लकडगंज स्थित न्यू ईरा अस्पताल शिफ्ट किया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

*तीनों आरोपी गिरफ्तार, बुलेट बरामद*
घटना के बाद नागपुर पुलिस ने तुरंत तलाशी अभियान चलाया और कई टीमें गठित कीं। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।

शहर में पुलिसकर्मी पर ही हमले की इस घटना से हड़कंप मच गया है और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई जा रही है। मामले की आगे की जांच कळमना पुलिस कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!