
कुशीनगर जिले के कप्तानगंज कस्बे में एक सभासद की सरपरस्ती में जुए का अड्डा चल रहा था। मंगलवार को स्वाट पुलिस ने इसका खुलासा करते हुए जुए के इस अड्डे से 18 जुआरियों को गिरफ्तार कियापकड़े गये जुआरियों के कब्जे से 6.42 लाख रुपये नगद, 18 मोबाइल फोन, भारी मात्रा में ताश के पत्ते, चार चार पहिया वाहन एवं कट्टा-कारतूस बरामद हुआ। जुए का अड्डा चलाने वाले फरार सभासद की पुलिस तलाश कर रही है।
मंगलवार को एसपी संतोष कुमार मिश्र ने अन्तर्जनपदीय जुआ खेलने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए बताया कि थाना कप्तानगंज क्षेत्र से जुआ खेलने वाले गैंग के संबंध में गोपनीय सूचना मिल रही थी। इस सूचना पर एएसपी रितेश कुमार सिंह की निगरानी एवं सीओ कसया कुंदन सिंह के नेतृत्व में योजनाबद्ध तरीके से पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जिसमें स्वाट पुलिस टीम भी शामिल थी। स्वाट के साथ ही कप्तानगंज थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से मंगलवार को कप्तानगंज रेलवे ढाले के दाहिने तरफ नहर की पटरी के पास से 18 अभियुक्तों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।
वहीं जुए का अड्डा संचालित करने वाला सभासद संजय पटेल पुत्र गंगा पटेल निवासी वार्ड नं. 10 कप्तानगंज की पुलिस तलाश कर रही है।एसपी ने बताया कि पकड़े गये जुआरियों के कब्जे से कुल 6.42 लाख नगद, 4 चार पहिया वाहन, एक बाइक, ताश के पत्ते, 18 मोबाइल एवं अभियुक्त इश्वरचन्द जायसवाल के कब्जे से कट्टा कारतूस बरामद हुआ। एसपी ने कहा कि अभियुक्तों का सक्रिय संगठित गैंग है, जो जनपद कुशीनगर, गोरखपुर, महराजगंज आदि जनपदों में स्थान बदल-बदलकर पैसों का सट्टा लगाकर जुआ खेलते हैं। इसमें अभियुक्त पिंटू जायसवाल उर्फ ईश्वरचन्द्र जायसवाल का एक विस्तृत अपराधिक इतिहास है। इसके विरुद्ध जनपद कुशीनगर, गोरखपुर एवं महराजगंज में 10 से अधिक मुकदमें पंजीकृत हैं। सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया है।
-पुलिस टीम में ये रहे शामिल
गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली टीम में स्वाट प्रभारी आलोक कुमार, हेड कांस्टेबल सनातन सिंह, संतोष कुमार सिंह, रणजीत यादव, चन्द्रशेखर यादव, राहुल सिंह एवं कांस्टेबल ऋषि पटेल शामिल रहे।



