A2Z सभी खबर सभी जिले की

सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर हरिद्वार पुलिस का शिकंजा, 14 गिरफ्तार

(फुरकान अंसारी)

हरिद्वार/बहादराबाद, 4 मई 2026। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों, होटल-ढाबों और सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। इस कार्रवाई में कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि 3 वाहनों को सीज किया गया।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में बेगमपुर इंडस्ट्रियल क्षेत्र से महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी किए जाने की शिकायत मिलने के बाद 3 मई 2026 को प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, शराब की दुकानों और सड़क किनारे शराब पीकर हंगामा कर रहे कुल 14 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान करते हुए ₹7,000 का संयोजन शुल्क वसूला गया।

इसके साथ ही मौके पर खड़े 3 वाहनों को भी सीज किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!