

फसल खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी, किसानों को नहीं आने दी जाएगी कोई परेशानी: अतिरिक्त मुख्य सचिव
– अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार ने कालांवाली अनाज मंडी का किया निरीक्षण, आढ़तियों व किसानों से बातचीत कर खरीद व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रिपोर्टर इन्द्र जीत प्रजापति
स्थान कालावाली
सिरसा, 20 अप्रैल।
अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार ने कहा कि मंडियों में गेहूं फसल की खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। अभी तक किसानों की ओर से किसी प्रकार की परेशानी की शिकायत नहीं आई है। उठान कार्य भी जारी है और इसमें तेजी लाई जाएगी। सरकार किसानों की गेहूं की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए सफलतापूर्वक खरीद प्रक्रिया चला रही है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव सोमवार को कालांवाली अनाज मंडी के निरीक्षण के दौरान मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल, एसडीएम कालांवाली मोहित कुमार सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मंडियों में गेहूं की खरीद प्रक्रिया पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। अभी तक किसानों की ओर से किसी भी प्रकार की परेशानी या तकनीकी खामी की शिकायत नहीं मिली है। चाहे गेट पास काटने की प्रक्रिया हो या बायोमेट्रिक सत्यापन, सभी प्रणालियां सही ढंग से काम कर रही हैं।
मीडिया की ओर से बायोमेट्रिक सत्यापन में दिक्कत बारे पूछे सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक के लिए तीन लोगों को अधिकृत किया गया है। इससे किसानों को सुविधा हुई है, क्योंकि वे अपने परिवार के किसी अन्य अधिकृत सदस्य को साथ लाकर भी बायोमेट्रिक करवा रहे हैं। इसलिए बायोमेट्रिक को लेकर अभी कोई दिक्कत नहीं है।
मंडी में आ रही आवक के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मंडी में 90 प्रतिशत के करीब अनाज की आवक हो चुकी है। संबंधित खरीद एजेंसियों और अधिकारियों को उठान कार्य में तेजी लाए जाने बारे दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि मंडी में अनाज का ढेर न लगे, ताकि नए आने वाले किसानों को अपनी फसल रखने में कोई असुविधा न हो।
आढ़तियों व किसानों से किया संवाद
कालांवाली अनाजमंडी में निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार ने आढ़तियों, किसानों व ट्रांस्पोर्टर से बातचीत कर उनकी आवश्यकताएं जानी और मौके पर मौजूद अधिकारियों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान आढ़तियों व किसानों ने मंडी के साथ लगती सडक़ का लेवल उपर होने के कारण मंडी में बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या रखते हुए इसका जल्द हल करवाने की मांग रखी। इसके अलावा नई एडिशनल मंडी की चार दिवारी बनाने की भी मांग रखी ताकि मंडी में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो। साथ ही मंडी की आवश्यकता अनुसार सडक़ों की रिपेयर तथा फड़ की रिपेयर करवाने की भी मांग की जिस पर मौजूदा अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए और मंडी में सभी मूलभूत सुविधाएं किसानों को उपलब्ध करवाई जाए। यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।
जिला की मंडियों में चार लाख 95 हजार मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की हुई आवक
जिला की विभिन्न मंडियों में खरीद एजेंसियों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद प्रक्रिया जारी है। गत दिवस तक जिला के 58 हजार 444 किसानों की चार लाख 95 हजार 924 मीट्रिक टन (एमटी) गेहूं की खरीद की जा चुकी है जिसमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा 31059 मीट्रिक टन, हैफेड द्वारा 384359 मीट्रिक टन तथा एचएसडब्ल्यूसी 80506 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि अबूबशहर मंडी में 12280 मीट्रिक टन, बड़ागुढा मंडी में 15,381 मीट्रिक टन, डबवाली मंडी में 26780 मीट्रिक टन, डिंग मंडी में 14318 मीट्रिक टन, ऐलनाबाद मंडी में 30467 मीट्रिक टन, गंगा मंडी में 7682 मीट्रिक टन, जीवन नगर मंडी में 14790 मीट्रिक टन, कालांवाली मंडी में 40995 मीट्रिक टन, नाथूसरी चौपटा मंडी में 15049 मीट्रिक टन, औढां मंडी में 12745 मीट्रिक टन, रानियां मंडी में 26482 मीट्रिक टन, सिरसा मंडी में 49164 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद दर्ज की गई, साथ ही जिला की अन्य मंडियों में भी गेहूं की आवक जारी है।



