शिवम् सिकरवार आगरा: उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती का सपना देखने वाले अभ्यर्थियों को ठगने वाले एक गिरोह को एसटीएफ ने पकड़ा है। आरोपी थाना ट्रांस यमुना कॉलोनी के एक होटल में ठहरे थे, उनके पास से पुलिस ने कई अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र बरामद किए हैं। जालसाजों ने रेलवे में भर्ती कराने के नाम पर भी ठगी की थी। गिरोह को पकड़ने के लिए मेरठ यूनिट से एसटीएफ आगरा आई थी। एक होटल के कमरे से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यूपी पुलिस सिपाही भर्ती की परीक्षा को लेकर शासन बेहद संवेदनशील है। परीक्षा में कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और आधुनिक तकनीकी का प्रयोग किया जा रहा है। मेरठ एसटीएफ के एएसपी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा में ठगी करने वाले गिरोह की जानकारी मिली थी। उन्होंने ट्रांस यमुना कॉलोनी पुलिस के साथ कालिंदी विहार के एक होटल डीएनसी में छापा मारा। होटल के एक कमरे 3 जालसाज ठहरे थे। तीनों को अरेस्ट कर लिया है, जिन्हें थाने ले जाकर पूछताछ की गई।
रेलवे भर्ती परीक्षा में भी ठगी:
एएसपी बृजेश सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में कालिंदी विहार आगरा निवासी अमित कुमार, मटसेना, फिरोजाबाद निवासी अखिलेश और विनय कुमार शामिल हैं। शातिर पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा में पास कराने का झांसा दिया था। इसके लिए वे अभ्यर्थियों से रुपये मांग रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पूर्व में रेलवे बोर्ड भर्ती परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर पूर्व में भी ठगी की थी। एसटीएफ ने आरोपियों ने एक लाख रुपये और भारी संख्या में अभ्यर्थियों प्रवेश पत्र बरामद किए हैं।
जालसाज ऐसे आए गिरफ्त में:
मेरठ एसटीएफ ने बताया कि आरोपियों ने फरवरी 2024 में यूपी पुलिस सिपाही भर्ती के नाम पर रुपये लिए थे। धोखाधड़ी कर कई अभ्यर्थियों को ठगा गया था। इस बार भी कई अभ्यर्थियों को झांसे में लेकर ठगने की योजना बना रहे थे। सर्विलांस के जरिए लोकेशन ट्रेस की गई। कालिंदी विहार की होटल में आरोपियों की लोकेशन मिल गई। स्थानीय पुलिस को साथ लेकर होटल में छापा मारा था।
आरोपियों के पास ने पुलिस भर्ती परीक्षा के 17 एडमिट कार्ड और कई अन्य विभागों के प्रवेश पत्र मिले हैं। तीनों पर मुकदमा दर्ज कर थाना ट्रांस यमुना कालोनी पुलिस के सुपुर्द किया गया है।