
सिद्धार्थनगर।
सीओ सदर अरुण कांत सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात एसओ मोहाना अनूप कुमार मिश्र को मुखबिर से सूचना मिली कि बर्डपुर नंबर 10 टोला सूर्यकुड़िया गांव में एक मकान में नकली जैविक व रासायनिक खाद बनाई जा रही है। बड़े पैमाने पर कच्चे माल का भंडारण किया गया है। यहां से नकली जैविक व रासायनिक खाद का धंधा किया जाता है। इस सूचना पर जिला कृषि अधिकारी मो.मुज्जमिल भी पहुंच गए। टीम के साथ मकान और गोदाम पर छापा मारा गया। वहां पर नकली खाद की फैक्टरी व गोदाम पाया गया।
संचालक रामकेवल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके साथ काम करने वाला बांसी का रहने वाला श्रीराम फरार हो गया। दोनों के खिलाफ नकली खाद बनाने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया। दूसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।