
सीकर. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर इन दिनों संचालित जल स्वावलम्बन अभियान सीकर शहर के जलाशयों की सूरत संवारने का जन अभियान बना हुआ है। इस अभियान के अन्तर्गत शहर सहित जिले भर में विभिन्न स्थानों पर परम्परागत जलाशयों, पानी के स्रोतों की साफ-सफाई कर इन्हें बेहतर बनाने और आबाद करने का कार्य जोरों पर चल रहा है। इस प्रकार के आयोजन से अभियान आमजन के लिए वरदान साबित होगा। जिले की परम्परागत बावडियों, कुओं तलाबों व सरोवरों को नई पहचान मिलेगी।
इन्हीं प्राचीन जलाशयों में से एक है शहर के मारू पार्क स्थित बड़ा तालाब में पेड़ों से गिरने वाले पत्तों और गंदगी के कारण इस बड़ा तालाब का पानी इतना अधिक खराब हो गया था कि इसका रंग तक बदला-बदला दिखाई देने लगा था। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में इसे साफ करने का बीड़ा उठाया गया और देखते ही देखते मानव श्रम का चमत्कार सामने आया और कुण्ड एकदम साफ होकर स्वच्छ पानी दर्शाने लगा।
सीकर शहर में इसी तरह विभिन्न जलाशयों के स्वरूप को निखारने का काम अभियान के अन्तर्गत किया जा रहा है और इसका अच्छा असर देखने में आ रहा है। आम जन भी अपने शहर के जलाशयों की रंगत निखारने वाले इस अभियान में उत्साह से सहभागिता अदा कर रहे हैं। जिले भर में अभियान के तौर पर परम्परागत जलाशयों को चिन्हित कर उनके रख- रखाव के साथ ही साफ सफाई की जा रही है।