
अजीत मिश्रा (खोजी)
ब्यूरो रिपोर्ट: उत्तर प्रदेश (जिला फतेहपुर)
अजब यूपी की गजब कहानी: अखिलेश की ‘चाय’ और सरकारी ‘जांच’ की गरमाहट!
- फूड सेफ्टी विभाग का नया ‘सिलेबस’: बड़ी फैक्ट्रियां पास, गरीब की केतली फेल!
- जब चाय बनी सियासी बम: फतेहपुर में केतली की तलाशी जारी!
- साहब! चाय में मिलावट ढूंढ रहे हो या विपक्ष की वफादारी?
- अंधेर नगरी, चौपट राजा: फैक्ट्री में मिलावट पर मौन, चाय की दुकान पर भारी फौज!
- सियासत की गरम चाय: आर्यन की दुकान पर ‘सैंपल’ का सर्जिकल स्ट्राइक!
- चाय का स्वाद खराब था या पीने वाले का चेहरा? विभाग ने निकाली ‘सच्चाई’!
- शर्म का भी ले लो ‘सैंपल’: मिलावटखोरों पर मेहरबानी, गरीब की रोजी पर सरकारी पहरेदारी!
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश में आजकल चाय की चुस्की का स्वाद बदल गया है। यहाँ चाय से ‘स्वाद’ कम और ‘सियासत’ की खुशबू ज़्यादा आ रही है। जिला फतेहपुर के एक छोटे से चाय विक्रेता आर्यन पर मानों दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, और इस पहाड़ का नाम है— “फूड सेफ्टी विभाग”।
आर्यन का कसूर बस इतना था कि उसने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को अपने हाथ की बनी कड़क चाय पिला दी थी। अब विभाग को अचानक यह चिंता सताने लगी है कि कहीं उस चाय में ‘अमृत’ या ‘ज़हर’ तो नहीं था, क्योंकि सालों से सो रहा प्रशासन अब चाय के सैंपल भरने के लिए आर्यन की छोटी सी दुकान पर लामबंद हो गया है।
क्या चाय का भी सैंपल होता है? वाह रे प्रशासन!
प्रदेश के इतिहास में शायद यह पहली बार होगा जब ‘फूड सेफ्टी विभाग’ के वीरों ने किसी बड़ी फैक्ट्री या मिलावटखोरों के गोदामों को छोड़कर एक गरीब की दुकान पर “चाय के सैंपल” लेने की हिम्मत दिखाई है।
बड़े मिलावटखोरों पर ‘मौन’, गरीब पर ‘मर्म’: पूरे प्रदेश में ज़हरीले मसालों, नकली दूध और मिलावटी पनीर की बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियां धड़ल्ले से चल रही हैं, लेकिन विभाग की दूरबीन वहां तक नहीं पहुँचती।
अचानक जागी ‘ईमानदारी’: जैसे ही चाय के कप से राजनीतिक धुआं उठा, विभाग की कार्यक्षमता रॉकेट की रफ़्तार से बढ़ गई।
व्यंग्य बाण: “साहब, अगर चाय पिलाने से ही सेहत खराब होती, तो चुनाव के समय जो ‘जुमलों की चाय’ पिलाई जाती है, उसके सैंपल कौन भरेगा?”
गरीब की रोजी पर सरकारी ‘हथौड़ा’
एक छोटी सी गुमटी चलाने वाले आर्यन के पास न तो बड़ी सिफ़ारिश है और न ही वकीलों की फ़ौज। वह तो बस मेहनत की कमाई खाना जानता था। लेकिन फतेहपुर प्रशासन ने यह साबित कर दिया कि “सत्ता की मर्जी के बिना चाय पिलाना भी गुनाह है।” सुलगते सवाल:
- क्या फूड सेफ्टी विभाग ने इससे पहले कभी खुले में बिकने वाली चाय का सैंपल लिया है?
- क्या यह कार्रवाई केवल इसलिए है क्योंकि चाय पीने वाला शख्स ‘विपक्ष’ का चेहरा था?
- क्या मिलावटखोरी रोकने का यही ‘फतेहपुर मॉडल’ है?
निष्कर्ष: शर्म भी कोई चीज़ होती है…
यह महज़ एक सैंपल की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि एक गरीब की हिम्मत को तोड़ने का प्रयास है। जिस विभाग को जनता की सेहत की फ़िक्र होनी चाहिए थी, वह आजकल ‘सियासी आकाओं’ के इशारों पर नाच रहा है। बड़े-बड़े फर्म और कंपनियां प्रदेश की सेहत से खिलवाड़ कर रही हैं, लेकिन वहां विभाग को सांप सूंघ जाता है।
आर्यन की दुकान पर पहुंची टीम को देखकर जनता बस यही कह रही है— “साहब, मिलावट चाय में नहीं, आपकी नीयत में है!”
















