
संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न*

पाली, 18 अप्रैल। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जोजावर में 16 से 18 अप्रैल तक आयोजित संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हर्ष एवं उल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुमेरपुर के सीबीओ रविन्द्र त्रिवेदी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में लिबर्टी स्कूल के प्राचार्य भरत जोशी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के बहुउद्देशीय कक्ष में मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विद्यालय के प्राचार्य डी.सी. गुप्ता ने अतिथियों का शिरोपाव पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक दक्षता भी अत्यंत आवश्यक है, जिससे मानसिक तनाव से मुक्ति मिलती है।
विद्यालय के शारीरिक शिक्षक मोहन लाल बेड़ा ने तीन दिवसीय प्रतियोगिता का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में कुल 14 विद्यालयों के 151 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें धौलपुर, भरतपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, झालावाड़, उदयपुर, कोटा एवं बूंदी सहित विभिन्न जिलों के विद्यालय शामिल रहे।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मुख्य अतिथि रविन्द्र त्रिवेदी ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को परिश्रम, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
विशिष्ट अतिथि भरत जोशी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि असफलता से निराश होने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि पुनः प्रयास कर सफलता प्राप्त करनी चाहिए।
कार्यक्रम में जोजावर पुलिस चौकी प्रभारी मादुराम देवासी, राजस्थान पत्रिका से महेश चंद एवं भास्कर पत्र से जयेश सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के उपप्राचार्य राजपाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। अंत में प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में शारीरिक शिक्षक मोहन लाल बेड़ा एवं शारीरिक शिक्षिका इन्दु चाहर द्वारा योगा एवं टेबल टेनिस में चयनित छात्र-छात्राओं की सूची घोषित की गई तथा प्रतियोगिता के विधिवत समापन की घोषणा की गई।











