

कांठ (मुरादाबाद, यूपी)।
सिंचाई खंड मुरादाबाद की मासिक बैठक मंडल कार्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष मास्टर धर्मपाल सिंह विश्नोई ने और संचालन प्रमोद कुमार ने किया। इस बैठक में सर्वप्रथम पुराने कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकांश कार्य पूरे कर लिए गए, परंतु कुछ कार्य काफी समय से लंबित चल रहे हैं, उन्हें लेकर नाराजगी व्यक्त की गई।
बैठक में सामने आया कि नलकूल संख्या 240 एजी की पाइप लाइन डालने में जो किसान अवरोध उत्पन्न कर रहे हैं, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का प्रस्ताव पारित किया गया। सरकारी कार्य में व्यवधान डालना अपराध की श्रेणी में आता है। इसी प्रकार महमूदपुर रजवाहे को कोकरपुर से बढ़कर गागन नदी में डालना है, इससे किसानों को सिंचाई का बहुत लाभ होगा, लेकिन कुछ किसान इसमें भी व्यवधान डाल रहे हैं, उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। मुंडापांडे कन्या महाविद्यालय का पुल निर्माण भी अधर मे लटका है, जिस पर अध्यक्ष ने दुख व्यक्त किया। बताया गया कि इस समय नहरों में सिल्ट सफाई, कटिंग, कुलाबे आदि की कोई समस्या नहीं है, अधिकांश नहरे में पानी छोड़ दिया गया है। वर्तमान में 10 राष्ट्रीय नलकूप यांत्रिक दोष और तीन नलकूप विद्युत दोष के कारण बंद है, जिन्हें एक सप्ताह के भीतर ठीक करने का आदेश दिया गया।
नलकूप संख्या 259 एजी लंबे समय से खराब पड़ा है, जिसे एक सप्ताह में ठीक करने को कहा गया। बैठक में बताया गया कि इस समय नलकूप की लाइन से विद्युत सप्लाई 10 घंटा ग्रामीण लाइन से 18 घंटा तथा शहरी क्षेत्र से जुड़े नलकूपों के लिए 23 घंटा विद्युत आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान में बाढ़ और सूखे की कोई समस्या नहीं है, सन 2012 से किसानों को निशुल्क पानी की व्यवस्था की गई है इसलिए भुगतान की भी कोई समस्या नहीं है। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता नलकूप प्रथम खंड नीरज कुमार गुप्ता, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड मुरादाबाद आरपी सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग अम्बरीष कुमार, अभियंता नलकूप खंड कुमारी पूजा, अभियंता नलकूप खंड प्रथम श्रद्धा भट्ट, द्वितीय, सहायक अभियंता नलकूप खंड राकेश कुमार, जेई अफजलगढ़ उपखंड मलखान सिंह, अभियंता अमित कुमार, उपाध्याय अभियंता बाढ़ खंड मुकेश कुमार आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ।










