A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेधनबाद

*बाघमारा में ढुलू एंड फैमिली का दबदबा कायम, शत्रुघ्न महतो ने फिर दर्ज की शानदार जीत

बाघमारा में ढुलू एंड फैमिली का दबदबा कायम रहा। बाघमारा विधानसभा सीट पर इस बार भी कमल खिल गया है। लगातार तीन बार बाघमारा विधानसभा सीट से विधायक रहने वाले धनबाद के सांसद ढुलू महतो के बड़े भाई शत्रुघ्न महतो पर अब बाघमारा की जनता ने भरोसा जताया है

भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न महतो को 87,529 और कांग्रेस प्रत्याशी जलेश्वर महतो को 68, 847 वोट मिले। शत्रुघ्न ने 18,682 मतों से जीत हासिल की।

कांग्रेस के बागी रोहित और जेएलकेएम के दीपक बने हार का कारण टिकट न मिलने से नाराज बागी हुए कांग्रेसी रोहित यादव और जयराम महतो की पार्टी जेएलकेएम के प्रत्याशी दीपक रवानी ने कांग्रेस प्रत्याशी जलेश्वर महतो के सारे समीकरण तार-तार कर दिए।

रोहित यादव ने कांग्रेस के परंपरागत यादव और मुस्लिम वोट का कुछ हिस्सा झटक लिया। दूसरी ओर जयराम के नाम पर कुर्मी वोट भी बंट गए। मोर्चा के प्रत्याशी दीपक रवानी को स्वजातीय वोट भी मिले। रोहित यादव और दीपक कांग्रेस के जलेश्वर महतो का वोट नहीं काटते तो समीकरण कुछ और होता।

रोहित यादव को 18, 314 और दीपक रवानी को 15, 696 मत मिले। जलेश्वर महतो के कैंप में दोपहर बाद कुछ हलचल दिखी। जीत हार का फासला अधिक होने पर बाकी कार्यकर्ता भी हताश होकर चले गए।

*देवी-देवताओं को नमन कर निकले शत्रुघ्न*

बढ़त की सूचना पाकर शत्रुघ्न महतो कुलदेवी के साथ सभी देवी देवताओं को प्रणाम किए। अपने पिता की तस्वीर को नमन किया और मतगणना केंद्र आ गए। इससे पूर्व परिवार के साथ फोटो खिंचवाई। पत्नी ने दही खिलाकर रवाना किया।

*हार की जिम्मेदारी खुद लेता हूं*

जलेश्वर बाघमारा से पराजित महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी जलेश्वर महतो ने हार स्वीकार कर ली है। कहा कि इसकी जिम्मेवारी खुद लेता हूं। यह भी कहा कि राजनीति का स्तर काफी गिर गया है। यह भी हार का कारण है। बाघमारा की जनता को प्रणाम, जिन्होंने मुझे वोट दिया उन्हें और जिन्होंने नहीं दिया उन्हें भी।

*यह बाघमारा की जनता की जीत है*

शत्रुघ्न बाघमारा में जीतने वाले भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न महतो ने कहा कि यह जीत क्षेत्र की जनता की जीत है। हर जाति, धर्म के लोगों का प्यार वोट के रूप में मिला। जो जिम्मेदारी मिली है, उस पर खरा उतरूंगा। जनता के लिए 24 घंटे हमारे घर के दरवाजे खुले रहेंगे।

*11 उम्मीदवारों की जमानत जब्त*

बाघमारा विधानसभा सीट से कुल प्रत्याशियों की संख्या 13 व एक नोटा था। शत्रुघ्न महतो व जलेश्वर महतो को छोड़ कर अन्य सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है।

*भाजपा का वोट शेयर बढ़कर 43.85, कांग्रेस का घटकर 34.49 प्रतिशत*

भाजपा के शत्रुघ्न महतो को कुल 87,529 और कांग्रेस के जलेश्वर महतो को 68,847 वोट मिले। भाजपा का कुल वोट शेयर 43.85 प्रतिशत और कांग्रेस का 34.49 प्रतिशत रहा। 2019 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी जलेश्वर महतो को 43.22 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 77,208 और भाजपा से ढुलू महतो को 43.72 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 78,087 वोट मिले थे।

इस बार शत्रुघ्न को 705 पोस्टल और जलेश्वर को 500 पोस्टल वोट भी मिले हैं। बाघमारा में नौ प्रत्याशी ऐसे भी थे, जिन्हें नोटा से भी कम मत मिले। नोटा में 2953 वोट पड़े। नोटा को सात पोस्टल मत भी मिले हैं।

*किन्हें कितने मत पड़े*

• शत्रुघ्न महतो 87,529
• जलेश्वर महतो 68,847
• रोहित यादव 18,314
• दीपक रवानी 15,696
• सूरज महतो 2,572
• विशाल बाल्मीकि 1,572
• पिंटू कुमार गुप्ता 669
°राजेश कुमार 310
•निजाम अंसारी 308
•राजेश कुमार स्वर्णकार 277
•ऐनुल अंसारी 202
•तुलसी महतो 202
•शरण सिंह 172
• नोटा 2953

Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!