![](https://vandebharatlivetvnews.com/wp-content/uploads/2025/01/Blue-Red-Modern-Breaking-News-YouTube-Intro.gif३३.gif)
![](https://vandebharatlivetvnews.com/wp-content/uploads/2025/02/FB_IMG_1739325176779-e1739434199149-1024x806.jpg)
श्रवण साहू,कुरूद. नगर पंचायत कुरूद के 41 उम्मीदवार की किस्मत अब ईवीएम में कैद हो गई है। अब चर्चा इस बात की है कि नगर में किसकी सरकार बनेगी? अध्यक्ष पद का मुकुट किसके सिर सजेगा इसको लेकर लोगो मे गुणा भाग जारी हैं। सबके अपने-अपने दावे है, पर जनता की खामोशी ने इसे और दिलचस्प बना दिया है। लोकतंत्र के भाग्य विधाताओं ने आखिरी समय तक इसे जग-जाहिर होने नही दिया। लोग गहरे चिंतन-मनन में लगे हुए हैं। वहीं परिणाम को लेकर एक दल आश्वस्त है तो दूसरे दल की नीदें उड़ गई हैं। हालांकि जनता ने किसे सिरमौर बनाया है यह जानने के लिए हमे 15 फरवरी तक इंतजार करना पड़ेगा।
कुरूद नगरीय निकाय चुनाव में इस बार अध्यक्ष पद के 4 और पार्षद पद के 37 प्रत्याशी मैदान में थे। वोट को अपने पक्ष में करने चारों अध्यक्ष पद प्रत्याशियों ने जी-तोड़ मेहनत भी की। लेकिन असल टक्कर भाजपा और कांग्रेस के बीच रही। चुनाव के आखिरी दौर में जुबानी जंग हुई, शब्दों ने सीमाओं को लांघते हुए व्यक्तिगत जीवन पर हस्तक्षेप किया।
हार-जीत के अपने-अपने दावे
चाय की चुस्की के साथ लोग हार-जीत के दावे कर रहे हैं। हर किसी के जुबान पर सिर्फ एक ही प्रश्न है – कौन जीत रहा हैं?लोगों का कहना है कि इस बार जीत का अंतर कम होगा, यानी 5 सौ से 8 सौ वोटों से जीत-हार होगी। लोवर क्लास वोटर में कांग्रेस की अच्छी पकड़ है जो उन्हें मजबूत बना रही है। वहीं विकास के दम पर भाजपा ने मिडिल क्लास, शिक्षित वोटरों को साधा। पर इसमें दोनों ही पार्टी कितनी कामयाबी होगी यह तो मतगणना के बाद पता चलेगा।
![](https://vandebharatlivetvnews.com/wp-content/uploads/2025/02/IMG_20250213_143839-1024x575.jpg)
प्रत्याशी भी लगे अपने-अपने गुणा भाग में
प्रत्याशी भी अपने-अपने जीत-हार के गुणाभाग में लगे हुए हैं। वार्ड के एक-एक मोहल्ले से अपने एजेंटों से रिपोर्ट ले रहे हैं कि कितने लोगों ने वोट डाला है और किसे वोट दिए होंगे। इसकी अंदरुनी जानकारी ले रहे हैं, ताकि पता चल सके कि वे जीत रहे हैं या हार रहे हैं। इस तरह प्रत्याशी भी अपनी जीत-हार को लेकर मंथन करने में लगे हुए है।
निर्दलीय प्रत्याशी हो सकता हैं गेमचेंजर
पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़ने वाले निर्दलीय अध्यक्ष पद प्रत्याशी गेमचेंजर साबित हो सकते है। उनकी नगर में अच्छी-खासी चर्चा भी रही। मैदान में उन्होंने खूब पसीना भी बहाया। उनकी गारंटी ने सबको सोचने पर मजबूर कर दिया था। यह कांग्रेस पार्टी के वोट को प्रभावित कर सकता हैं। अगर इसने कांग्रेस के वोट को प्रभावित किया तो फायदा भाजपा को मिल सकता है।
![](https://vandebharatlivetvnews.com/wp-content/uploads/2025/02/IMG_20250211_102150-1024x576.jpg)
वोटिंग में महिलाएं आगे
नगर पंचायत कुरूद में इस बार महिलाओं ने पुरुषों से 1.38 प्रतिशत ज्यादा वोट किया। इसको राजनीतिक पंडित शुभ संकेत मान रहे है, हालांकि 2019-20 में हुए पार्षदों के चुनाव की तुलना में इस बार मतदान का प्रतिशत घटा है। जबकि इस साल मतदाता भी बढ़े है। बावजूद इस साल 5437 पुरुष, 5818 महिला समेत कुल 11255 में से 4533 पुरुष और 4770 महिला सहित कुल 9303 मतदाताओं ने अपना मताधिकार का उपयोग किया। इस तरह महिला वोटरों का 83.37 प्रतिशत और पुरुष मतदाता का 81.99 प्रतिशत समेत कुल मतदान का प्रतिशत 82.66 रहा। जबकि पिछले चुनाव में 86.20 रहा था।
वार्ड क्र.02 में सर्वाधिक 91.80 व 15 में सबसे कम 71.08 प्रतिशत मतदान
नपं. कुरुद के कुल 11255 मतदाता वाले नगर पंचायत में महिला पुरुष मिलाकर 9303 मतदाताओं ने मतदान किया। जिसमे वार्ड क्रमांक 1 में 408, वार्ड क्र. 2 में 593, वार्ड क्र. 3 में 545,वार्ड क्र. 4 में 510, वार्ड क्र. 5 में 642, वार्ड क्र.6 में 708, वार्ड क्र. 7 में 617, वार्ड क्र. 8 में 586, वार्ड क्र. 9 में 538, वार्ड क्र. 10 में 755, वार्ड क्र. 11 में 975, वार्ड क्र. 12 में 456, वार्ड क्र. 13 में 315, वार्ड क्र. 14 में 979 एवं वार्ड क्र. 15 में 671 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र की यज्ञ में अपनी आहुति डाली। जिसमें सर्वाधिक मतदान वार्ड क्रमांक वीर नारायण सिंह वार्ड क्र. 02 में 91.79 प्रतिशत व सबसे कम मतदान वंदेमातरम वार्ड क्र. 15 में 71.08 प्रतिशत हुआ है।