उत्तर प्रदेशबस्तीसिद्धार्थनगर 

संत कबीर नगर में एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई

अजीत मिश्रा (खोजी)

।। राजस्व निरीक्षक को एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा।।

संत कबीर नगर में एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई , रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया राजस्व निरीक्षक!

संत कबीर नगर |20 जून 2025

राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही एंटी करप्शन टीम ने आज एक और बड़ी सफलता हासिल की। मेंहदावल तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक कुशल राम को टीम ने चाय की दुकान पर रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। इस कार्रवाई के बाद जिले भर के राजस्व कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।

सूत्रों के अनुसार कुशल राम लंबे समय से गरीब व असहाय लोगों को परेशान करता आ रहा था। जमीन संबंधित कार्यों में बिना रिश्वत लिए कोई फाइल आगे नहीं बढ़ती थी। यह गिरफ्तारी एंटी करप्शन टीम की कड़ी निगरानी और महीनों की प्लानिंग का नतीजा है।

👉 क्या है मामला?

बताया जा रहा है कि कुशल राम एक पीड़ित किसान से जमीन संबंधी दस्तावेजों की रिपोर्ट लगाने के एवज में रिश्वत मांग रहा था। किसान ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही कुशल राम ने तयशुदा रकम ली, मौके पर ही धर दबोचा गया।

👉 एंटी करप्शन टीम की सक्रियता के बावजूद बढ़ा भ्रष्टाचार!

जिला संत कबीर नगर से इस वर्ष अब तक सबसे अधिक राजस्व विभाग के कर्मचारियों की गिरफ्तारियां हुई हैं। जनता का कहना है कि एंटी करप्शन टीम की सक्रियता और कार्रवाईयों के बावजूद भ्रष्टाचार का ग्राफ ढाई गुना बढ़ गया है। खासतौर पर राजस्व विभाग, पुलिस विभाग और स्वास्थ्य विभाग में रिश्वतखोरी की शिकायतें सबसे ज्यादा मिल रही हैं।

👉 सरकार की सख्त चेतावनी

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार लगातार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई कर रही है। छापेमारी और गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है ताकि जनता का विश्वास कायम रह सके। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!