

कांठ (मुरादाबाद, यूपी)।
ग्राम न्यायालय कांठ के न्यायाधिकारी कुंवर सूर्य सैन सिंह का जनपद देवरिया के लिए स्थानांतरण होने पर उनका भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। जिसमें न्यायालय स्टाफ के साथ ही अधिवक्ताओं और मीडिया कर्मियों ने उन्हें भावपूर्ण विदाई दी। साथ ही सम्मानित करते हुए उनके द्वारा कांठ में किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से बताया।

कांठ में ग्राम न्यायालय की स्थापना होने के बाद 15 अप्रैल 2024 को यहां प्रथम न्यायाधिकारी के रूप में कुंवर सूर्य सैन सिंह की नियुक्ति हुई थी। तभी से वह ग्राम न्यायालय में वादों को सुनकर उनका निस्तारण करा रहे थे। अब उनका स्थानांतरण देवरिया जिले के लिए हो गया। जिसके बाद बुधवार को पहले ग्राम न्यायालय में और इसके बाद तहसील बार एसोसिएशन कांठ के द्वारा न्यायाधिकारी कुंवर सूर्य सैन सिंह का विदाई समारोह आयोजित किया गया। जिसमें अधिकारियों, न्यायालय स्टाफ सहित मीडिया कर्मियों ने उन्हें फूलमालाएं पहनाकर विदाई दी। साथ ही उपहार देकर सम्मानित भी किया गया। बार सभागार में हुए विदाई समारोह में अधिवक्ताओं ने न्यायाधिकारी कुंवर सूर्य सैन सिंह के द्वारा किए गए कार्यों की चर्चा की। साथ ही उनसे देवरिया में भी ऐसे ही बार और बैंच का सामांजस्य बनाकर कार्य करने को कहा। इस अवसर पर न्यायाधिकारी कुंवर सूर्य सैन सिंह ने कहा कि कांठ में उनकी पहली तैनाती थी, जिसे वह जीवन भर भुला नहीं पाएंगें। यहां अधिवक्ताओं के साथ ही क्षेत्र के लोगों का भी उन्हें भरपूर स्नेह और सहयोग मिला।

समारोह में मुख्य अतिथि सहकारी गन्ना विकास समिति कांठ के चेयरमैन कुंवर सुरेंद्र सिंह विश्नोई, थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह, तहसील बार एसोसिएशन कांठ के अध्यक्ष प्रमोद कुमार शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. विनीत नैन, चंद्रपाल सिंह विश्नोई, मोहम्मद अय्यूब, वैभव विश्नोई, संजीव कुमार विश्नोई, मोहम्मद इकबाल, भूप्रकाश सिंह, चौधरी चरन सिंह ढाका, विजयवीर सिंह आदि अधिवक्ताओं ने भी विचार व्यक्त किए। अंत में बार पदाधिकारियों ने न्यायाधिकारी को स्मृति चिंह भेंट कर सम्मानित किया। अध्यक्षता बार अध्यक्ष प्रमोद कुमार शर्मा और संचालन महासचिव दीपक विश्नोई ने किया। इस अवसर पर नन्हें खां, साजिद वारसी, शीशराम सिंह, जीशान आलम, राहुल कुमार, सुनील कुमार, करतार सिंह, महेंद्र सिंह, अजब सिंह, शहजाद रफी, सुशील कुमार, हरपाल सिंह, महावीर सिंह, राजीव कुमार, कपिल कुमार, सचिन कुमार, शमशाद हुसैन आदि सभी अधिवक्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ।










