

कांठ (मुरादाबाद, यूपी)।
थाना कांठ क्षेत्र में मानसिक रूप से असंतुलित चल रही एक 19 वर्षीय युवती ने अपने ही घर में एक दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दे दिया। उसने अपनी मां और भाई पर लौहे की सरिया एवं खूंटे से ताबड़तोड़ हमला कर दोंनो की जान ले ली। अचानक हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस और अधिकारियों ने मौका मुआयना करते हुए मृतक मां-बेटे के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है, साथ ही पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाली युवती को भी हिरासत में ले लिया है, पुलिस हर पहलू पर इस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मामला कांठ थाना क्षेत्र के गांव भैंसली जमालपुर उर्फ गदापुर का है। यहां की रहने वाली मुन्नी (56) के पति की मदन सिंह की कई साल पहले मृत्यु हो गई थी। घर में मुन्नी उनका बेटा राजीव, बेटी सोनिया, अनीता, कविता और बेटा अर्जुन रहते थे। परिवार वालों और पुलिस ने अनुसार 19 वर्षीय अनीता मानसिक रूप से असंतुलित रहती है, परिवार वाले अधिकतर उसे घर में ही रखते हैं, कभी-कभी उसे बांधकर भी रखा जाता था। 21 वर्षीय अर्जुन घरों पर लेंटर डालने वाली मशीन पर लेवर का काम करता था। बुधवार की शाम अर्जुन अपने काम से आकर घर में ही छप्पर के नीचे पड़ी चारपाई पर लेट गया और उसे नींद आ गई। उसकी बहन सोनिया, कविता और भाई राजीव खेत में गेहूं की कटाई करने गए थे। घर पर मां मुन्नी और मानसिक रूप से असंतुलित बहन अनीता थे। तभी अचानक आक्रमक हुई 19 वर्षीय अनीता ने छप्पर के नीचे चारपाई पर सो रहे अपने भाई अर्जुन पर सरिया और खूंटे से ताबड़तोड़ हमले कर दिए। उसके चींखने की आवाज सुनकर बचाने को दौड़ी मां मुन्नी पर भी अनीता ने हमला कर दिया। ताबड़तोड़ कई बार किए वार से मुन्नी (56) और अर्जुन (21) की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद कुछ देर में ही सोनिया, कविता और भाई राजीव भी खेत से घर आ गए तो उन्होंने देखा की मां मुन्नी और भाई अर्जुन लहुलुहान हालत में मृत में पड़े हैं। इसके बाद गांव के चौकीदार रघुवीर ने कांठ थाना पुलिस को सूचना दी। जिस पर थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर उच्चाधिकारियों को इस बारे में बताया। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण IPS कुंवर आकाश सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी कांठ शुभम पटेल भी पहुंच गए। जहां अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी जुटाई तो वहीं फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच पड़ताल की।

फिलहाल कांठ पुलिस ने मृतक मुन्नी और उसके बेटे अर्जुन के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, साथ ही आरोपी अनीता को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस मामले में राजीव की ओर से पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। बता दें कि इस वारदात से जहां मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है तो वहीं गांव और क्षेत्रमें सनसनी भी फैल हुई है।

…..थाना कांठ के भैंसली जमालपुर गांव में एक मां और बेटे की हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी, इसमें थाना कांठ की पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया की दोनों मां और बेटे है, दोनों अपने घर पर थे तथा जो मृतका है उनकी एक बेटी है जो मानसिक रूप से असंतुलित है। उसकी ही इन दोनों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी तथा उसने सरियों से मां और भाई की पीट-पीट कर हत्या कर दी। मृतका के बडे बेटे से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में एक नामजद के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर लिया है। इसमें मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। इसमें साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है। अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
कुंवर आकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, मुरादाबाद
रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ।






