
अजीत मिश्रा (खोजी)
।।बलरामपुर मनरेगा घोटाला 38.49 लाख रुपये के गबन का आरोप, ग्राम प्रधान-अवर अभियंता सहित 6 गिरफ्तार।।
बलरामपुर: जिले के पचपेड़वा विकास खंड के बिशनपुर टनटनवा गांव में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना (Mahatma Gandhi National Rural Employment Guarantee) में 38.49 लाख रुपये के घोटाले का खुलासा हुआ गुरुवार को घोटाले में शामिल ग्राम प्रधान अवर अभियंता सहित 6 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया इस गिरफ्तारी से मनरेगा कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।बताया जा रहा है कि विकास खंड पचपेड़वा के ग्राम विशनपुर टनटनवा में तालाब निर्माण कार्य में मजदूरों का फर्जी मस्टर रोल और फर्जी दस्तावेज के आधार पर 38.49 लाख रुपये का गबन करने की शिकायत ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से की थी। शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने मामले की जांच कराई थी। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि जांच के बाद पचपेड़वा खंड विकास अधिकारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। गुरुवार को पुलिस टीम ने मामले की जांच की आरोप सही पाए गए। दर्ज मुकदमे के आधार पर सरकारी धन के गबन और बंदरबाट के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें ग्राम प्रधान अब्दुल वहाब पुत्र छेदी, ग्राम विकास अधिकारी गिरजा शंकर पुत्र देवतादीन निवासी ग्राम दीनापुर थाना बरसेठिया जनपद जौनपुर, मोहम्मद जुबेर खान पुत्र रफीक खान रोजगार सेवक, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अतुल कुमार मिश्रा पुत्र राम प्रकाश मिश्रा विकास नगर लखनऊ, अवर अभियंता प्रदीप कुमार चौधरी पुत्र राम चंद्र निवासी बारवा भदौली कोतवाली देहात बहराइच और ग्राम विकास अधिकारी अजय यादव पुत्र गुलाब चंद्र यादव सहजनवा जनपद गोरखपुर शामिल है। इनको कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा।

















