
अंबेडकर नगर
अंबेडकरनगर विकास एवं विरासत महोत्सव 2025 के सांस्कृतिक मंच से बच्चों ने एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम का जोरदार आगाज किया। अलग-अलग प्रदेशों के लोकनृत्य ने संस्कृतियों के संगम की अनूठी छटा बिखेर दी।
इसे देखकर मौजूद लोगों ने बच्चों का तालियों के साथ मनोबल बढ़ाया।
सेंट जेवियर्स स्कूल सीनियर ब्रांच अहरिया एवं सेंट जेवियर्स स्कूल अकबरपुर के बच्चों ने शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सबसे पहले सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद राजस्थानी लोकनृत्य घूमर पर सामूहिक प्रस्तुति देकर सभी को आनंदित कर दिया। छात्रा अंशिका उपाध्याय, उन्नति श्रीवास्तव, आयुषी वर्मा, आकृति वर्मा, रिया अग्रहरि, सृष्टि अग्रहरि, दिशा तिवारी, शगुन गुप्ता, अनन्य कश्यप, एकता पांडे अनुष्का श्रीवास्तव, आराध्या मेहरोत्रा, अनन्या मेहरोत्रा, वंशिका राज, सुयश मिश्रा, श्रेया उपाध्याय समेत अन्य ने प्रस्तुति दीं। शिक्षिका रजनी त्रिपाठी, रजनी दुबे, तोशीबा खान, संगीत अध्यापक राम कुशल, योग गुरु शैलेंद्र कुमार दुबे ने मार्ग दर्शन किया। साकेत एकेडमी सूरापुर, मां ब्रह्मा देवी रमाशंकर इंटर कॉलेज के बच्चों की ओर से देशभक्ति, फिल्मी गीतों पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया गया।
सती प्रसाद इंटर कॉलेज बनगांव डिहवा के बच्चों ने सौगंध मुझे इस मिट्टी की गीत पर लोकनृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का मनोबल बढ़ाया। सर्वोदय बालिका इंटर कॉलेज अकबरपुर के बच्चों ने राधा कृष्ण पर नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय कर दिया। शाम को मिश्रीलाल आर्यकन्या इंटर कॉलेज के बच्चों ने वीणा के बजइया गीत पर सरस्वती वंदना की।
जवाहर नवोदय विद्यालय के बच्चों ने असम के लोकनृत्य पर शानदार प्रस्तुति दी। यह लोकनृत्य असम के कछारी (बोडो) समुदाय के लोग करते हैं। डीएम अविनाश सिंह ने सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर बच्चों के प्रदर्शन की खूब तारीफ की और उनका उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर एसपी केशव कुमार, सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, एडीएम डॉ. सदानंद गुप्ता समेत अन्य तमाम अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।