
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़ डिस्ट्रिक्ट हेड चित्रसेन घृतलहरे, 04 जून 2025//पेंड्रावन// कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे और जिला पंचायत सीईओ इन्द्रजीत बर्मन ने बिलाईगढ़ नगर क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दौरे का मुख्य आकर्षण पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति उनका समर्पण रहा। सर्वप्रथम, जिले के दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने जनपद पंचायत बिलाईगढ़ में विभिन्न स्व-सहायता समूहों की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया। यहाँ उन्होंने समूहों की गतिविधियों, उनकी आवश्यकताओं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की, जिससे जमीनी स्तर पर महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा मिल सके। इसके पश्चात् कलेक्टर डॉ कन्नौजे और सीईओ बर्मन ने नगर के अटल परिसर में पर्यावरण संरक्षण का एक सशक्त संदेश देते हुए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत एक पौधा रोपित किया। इस पहल के माध्यम से उन्होंने नगरवासियों को प्रकृति के संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व के प्रति जागरूक किया। इसके बाद कलेक्टर ने बिलाईगढ़ की स्वच्छता दीदियों से मुलाकात कर उनके अमूल्य योगदान की सराहना की। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों को टोपी, मास्क तथा हैंड ग्लव्स वितरित कर उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाया और उनके कार्य को और भी बेहतर ढंग से करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके अलावा कलेक्टर एवं सीईओ ने तहसीलदार कार्यालय बिलाईगढ़ का भी निरीक्षण किया और वहाँ की कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे और सीईओ इन्द्रजीत बर्मन के द्वारा इस प्रकार औचक निरीक्षण कर प्रशासन की स्थिति, कार्यप्रणाली, सफाई, प्रशिक्षण आदि व्यवस्थाओं का स्वयं आंकलन करना था, वहीं विभिन्न गतिविधियों में जिला प्रशासन की इस प्रकार के सक्रिय निरीक्षण से बिलाईगढ़ क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की आम जन मानस में उम्मीद है।