
नीमच: जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य समारोह शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के मैदान पर आयोजित होगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास गुरुवार को इसी विद्यालय के मैदान पर संपन्न हुआ, जिसमें जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव एवं एएसपी श्रीमती हेमलता अग्रवाल ने परेड का निरीक्षण किया।
पूर्वाभ्यास में एसएएफ, जिला पुलिस बल, वन विभाग, एनसीसी, स्काउट, शौर्या दल एवं होमगार्ड के दल भाग लिए। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक पीटी प्रदर्शन और देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ध्वजारोहण करेंगे और विभिन्न अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश भोपाल से लाइव प्रसारित होगा। समारोह में एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, श्रीमती मयूरी जौक, सुश्री श्रुति भयडि़या सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।





