
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा ✅ गढ़वा श्री बंशीधर नगर राजकीय मध्य विद्यालय नगर ऊंटारी में मंगलवार को झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी ‘उन्नति का पहिया’ योजना के तहत कक्षा आठवीं के 91 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत प्रताप देव ने विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन बनाए रखने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक खुश्दिल सिंह द्वारा विधायक का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत करने से हुई।
अपने संबोधन में विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ‘उन्नति का पहिया’ योजना ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। साइकिल मिलने से छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, समय की बचत होगी और उनकी नियमित उपस्थिति के साथ शिक्षा के प्रति रुचि भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम में शिक्षक अनिल कुमार विश्वकर्मा, रामलला मिश्रा, आफताब आलम, प्रशांत कुमार, शिक्षिका अनिता कुमारी एवं माया कुमारी सहित स्थानीय अभिभावक, समाजसेवी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





