
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 *मकरोनिया थाना क्षेत्र स्थित गायत्री नगर में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान 36 वर्षीय महिला सविता दीक्षित की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका के ससुर रामनरेश दीक्षित ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी ससुर को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, गायत्री नगर निवासी सविता दीक्षित (36), पत्नी देवेश दीक्षित, मंगलवार सुबह अपने घर में खून से लथपथ अवस्था में मृत मिलीं। सूचना मिलने पर मकरोनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई। घटना के बाद आरोपी ससुर रामनरेश दीक्षित घर पर ही मौजूद मिला। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि पारिवारिक विवाद के दौरान ससुर और बहू के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। पुलिस का कहना है कि इसी मारपीट में आई चोटों के कारण महिला की मौत हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी रामनरेश दीक्षित ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह बहू पहली मंजिल से नीचे आई और घर में रखे मंदिर को उठाकर फेंक दिया। इसके बाद उसने घर की कुर्सियों में भी तोड़फोड़ की और परिवार के लोगों से विवाद करने लगी। आरोपी के अनुसार, कुछ समय बाद वह बच्ची को स्कूल छोड़ने चली गई। उसने आगे दावा किया कि माहौल शांत होने पर वह स्नान कर पूजा करने लगा। इसी दौरान बहू वापस आई और कथित रूप से छोटी बच्ची को उठाकर पटकने लगी। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर जब वह उसे बचाने पहुंचा तो बहू ने चाकू उठा लिया और उस पर हमला करने का प्रयास किया। आरोपी का कहना है कि हाथापाई के दौरान उसने चाकू छीन लिया और उसी दौरान बहू पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के इस दावे को जांच का हिस्सा बनाया है, जिसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि की जा रही है। मृतका सविता दीक्षित के पति देवेश दीक्षित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में जवान हैं और वर्तमान में पश्चिम बंगाल में पदस्थ हैं। सविता अपने सास-ससुर के साथ गायत्री नगर स्थित मकान में रह रही थीं। आरोपी ससुर का कहना है कि विवाह के बाद से परिवार में लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई थी और आए दिन घरेलू कलह होती थी। उसने यह भी दावा किया कि मोहल्ले के लोग भी परिवार में चल रहे विवाद से परिचित थे। घटना की सूचना मृतका के पति को दे दी गई है। घटनास्थल से पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। मकरोनिया थाना प्रभारी नितिन पाल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि ससुर द्वारा की गई मारपीट में महिला को गंभीर चोटें आई थीं। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। पारिवारिक विवाद की पृष्ठभूमि, घटना के वास्तविक कारण, आरोपी के दावों तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है।



