एक पेड़ माता के नाम’ अभियान के तहत डीएवी शिक्षादीप ओपा में मनाया गया पर्यावरण उत्सव
पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, हर पारिवारिक उत्सव पर एक पौधा लगाने का किया आह्वान
लोहरदगा/रांची। निर्माणाधीन डीएवी शिक्षादीप ओपा, जिला लोहरदगा में मंगलवार को ‘एक पेड़ माता के नाम’ अभियान के तहत पर्यावरण उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों एवं विद्यालय परिवार ने छायादार और औषधीय पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में लाल कौशल नाथ शाहदेव, लाल नंदकिशोर नाथ शाहदेव, समाजसेवी सैयद अंसारी, सनी उरांव, अमित लोहरा, छात्र क्लब पर्यावरण मंच (यूनिट, छात्र क्लब ग्रुप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकिशोर शर्मा तथा संतोष कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से विद्यालय परिसर में दो-दो छायादार एवं औषधीय पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएवी शिक्षादीप ग्रुप के निदेशक शिवनंदन पाठक ने की, जबकि विद्यालय की संस्थापिका नीलम देवी ने सभी स्थानीय एवं रांची से आए अतिथियों का स्वागत किया।
इससे पूर्व विद्यालय के पोषक क्षेत्र में जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई। फेरी के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे अपने जन्मदिन, माता के नाम, गृह प्रवेश तथा अन्य पारिवारिक अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। इस दौरान रांची से आए कपिल फाउंडेशन के अध्यक्ष गगन कुमार ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए विद्यालय के निदेशक शिवनंदन पाठक को सम्मानित किया।
विद्यालय के सचिव प्रवास ने कहा कि पेड़-पौधों से हमें स्वच्छ वातावरण, ऑक्सीजन और जीवन के लिए आवश्यक प्राकृतिक संतुलन प्राप्त होता है। वहीं संरक्षक ब्रजेश कुमार पाठक ने कहा कि हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण मानसिक शांति एवं स्वस्थ जीवन का आधार हैं।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने पेड़-पौधों को अपने परिवार के सदस्य की तरह संरक्षण एवं देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के उपनिदेशक अविनाश गौरव, अनूप देव पौराणिक, विश्व मोहन पांडे, रोहिणी देव पौराणिक, रमेश देव पौराणिक, कनक प्रिया, गुड़िया कुमारी सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।













