
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के मार्गदर्शन में जिले के सक्रिय एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना मोतीनगर पुलिस ने जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले एक आदतन सक्रिय बदमाश को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम को दिनांक 26 जुलाई 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना मोतीनगर क्षेत्र का आदतन अपराधी चंदन आठिया पिता नंदराम आठिया, उम्र 35 वर्ष, निवासी पंतनगर वार्ड, थाना मोतीनगर, सागर जिला बदर आदेश की अवहेलना करते हुए अपने घर के आसपास घूम रहा है तथा किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना मोतीनगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी सागर जिले में अपनी उपस्थिति का कोई वैध कारण प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में पाया गया कि आरोपी को उसके आपराधिक इतिहास एवं लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण जिला दण्डाधिकारी, सागर द्वारा पारित आदेश के तहत 10 माह की अवधि के लिए सागर सहित समीपवर्ती जिलों की सीमाओं से जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद आरोपी ने आदेश की अवहेलना करते हुए जिले में प्रवेश किया, जो कानून का स्पष्ट उल्लंघन है। आरोपी के विरुद्ध थाना मोतीनगर में अपराध क्रमांक 826/2026 पंजीबद्ध कर धारा 223(ए) भारतीय न्याय संहिता एवं मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 14 के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की गई तथा विवेचना उपरांत आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आदतन आपराधिक प्रवृत्ति का है और समय रहते उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर वह किसी गंभीर वारदात को अंजाम दे सकता था। पुलिस की त्वरित एवं सतर्क कार्रवाई से संभावित अपराध को रोका जा सका। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक दीपचरण उइके, प्रधान आरक्षक दिनेश, प्रधान आरक्षक सुनील, आरक्षक अभिषेक चौहान, आरक्षक क्रमांक 928 मधुर, आरक्षक क्रमांक 1164 पुष्पेन्द्र तथा नगर रक्षा समिति सदस्य गौरव सेन की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। सागर पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले, आदतन अपराधी एवं कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।






