
कटनी
बरही विद्युत वितरण केंद्र की कार्यप्रणाली आये दिन सवालों के घेरे रहता ही है। आपको बता दें कि ग्राम उबरा के वार्ड क्रमांक-07 में पिछले कई दिनों से बिजली पूरी तरह गुल है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी अब तक समस्या का समाधान नहीं कर सके हैं। भीषण गर्मी के बीच पूरा वार्ड अंधेरे में डूबा हुआ है और ग्रामीण बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा भुगतने को मजबूर हैं।ग्रामीणों का कहना है कि गांव के अन्य वार्डों में नियमित बिजली आपूर्ति हो रही है, लेकिन वार्ड क्रमांक-07 को जैसे विभाग ने भगवान भरोसे छोड़ दिया है। सबसे हैरानी की बात यह है कि आखिर बिजली बंद होने की असली वजह क्या है, इसका जवाब भी विभाग के पास नहीं है।बिजली ठप होने से पेयजल व्यवस्था चरमरा गई है। घरों में पानी की भारी किल्लत पैदा हो गई है, वहीं पंखे और कूलर बंद होने से बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भीषण गर्मी में रातें काटने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि कई बार बरही विद्युत मंडल के अधिकारियों और संबंधित जेई को फोन कर शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला, समाधान नहीं।ग्रामीणों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी है। उनका आरोप है कि बिजली विभाग शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहा, जिससे लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे मजबूर होकर उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक ही गांव के एक वार्ड को कब तक अंधेरे में रखा जाएगा और कब जागेगा जिम्मेदार बिजली विभाग?
कटनी ब्यूरो चीफ सुरेन्द्र कुमार शर्मा
नित नई खबर एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें






