A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

राजकीय जिला पुस्तकालय रामगंजमंडी की टीम को राज्य स्तरीय सम्मान।

अंतरराष्ट्रीय सहयोग से आयोजित राज्य स्तरीय सेमिनार में मिला ‘आउटस्टैंडिंग लाइब्रेरी टीम अवार्ड-2026

झालावाड़, 14 अगस्त। भाषा एवं पुस्तकालय विभाग, राजस्थान सरकार के तत्वावधान में राजकीय संभागीय सार्वजनिक पुस्तकालय, कोटा द्वारा अंतरराष्ट्रीय सहयोग से आयोजित राज्य स्तरीय सेमिनार में राजकीय जिला सार्वजनिक पुस्तकालय, रामगंजमंडी की टीम को ‘आउटस्टैंडिंग लाइब्रेरी टीम अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया।

सेमिनार का आयोजन “सार्वजनिक पुस्तकालय और पुस्तकालयाध्यक्ष: सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास में समाज के लिए परिवर्तनकारी भूमिका” विषय पर किया गया। इस अवसर पर पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचार, समर्पण और उल्लेखनीय सेवाओं के लिए श्री कैलाश राव, पुस्तकालयाध्यक्ष प्रथम श्रेणी, राजकीय जिला सार्वजनिक पुस्तकालय रामगंजमंडी को स्क्रोल ऑफ ऑनर एवं सम्मान-पत्र प्रदान किया गया।

सम्मान-पत्र में उल्लेख किया गया कि पुस्तकालय सेवाओं को सुदृढ़ बनाने, ज्ञान के प्रसार को बढ़ावा देने, शोध गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा नवाचार को बढ़ावा देने में श्री राव का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उनके प्रयासों से पुस्तकालय सेवाओं के विकास के साथ-साथ समाज में ज्ञान और सूचना के प्रसार को नई दिशा मिली है।

यह सम्मान भाषा एवं पुस्तकालय विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार के दौरान प्रदान किया गया। समारोह में विभागीय अधिकारियों, पुस्तकालय विशेषज्ञों एवं विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

इस उपलब्धि पर पुस्तकालय एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने श्री कैलाश राव एवं राजकीय जिला सार्वजनिक पुस्तकालय रामगंजमंडी की टीम को बधाई देते हुए इसे प्रदेश के सार्वजनिक पुस्तकालयों के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया।
——00——

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!