
वार्ड 56 उर्दू नगर की बदहाल सड़कें और नालियां बनीं लोगों की परेशानी का कारण
— संवाददाता, फिरोजाबाद
फिरोजाबाद। नगर निगम की अनदेखी से वार्ड नंबर 56 उर्दू नगर के लोगों का जीवन बेहाल हो गया है। नाली और सड़क न बनने से मोहल्ले में जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। बारिश का पानी घरों में घुस रहा है, जिससे लोगों का बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
शनिवार को मोहल्ले की महिलाएं और पुरुषों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने निगम अधिकारियों को शिकायती पत्र भी सौंपा।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि हर साल बारिश में हालात और खराब हो जाते हैं। न नाली है, न सड़क, और गंदा पानी गलियों में भरकर घरों तक पहुंच जाता है। इससे बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। मोहल्ले के लोगों ने कई बार शिकायत की, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
वार्ड 56 से पहले वार्ड 47 और वार्ड 57 के लोग भी इसी तरह की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतर चुके हैं। इससे नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस मामले में अपर नगर आयुक्त निहाल सिंह ने कहा कि बारिश के कारण फिलहाल निर्माण कार्य रुका हुआ है। जैसे ही मौसम अनुकूल होगा, समस्या का समाधान कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों को अब निगम के वादों पर भरोसा नहीं रह गया है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही सुधार नहीं हुआ तो वे मजबूर होकर बड़ा आंदोलन करेंगे।