
हाथरस स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत नगर पंचायत सहपऊ में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखते ही बना। बैंड बाजों के साथ राष्ट्रगान की धुन एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत राष्ट्रीय गीतों की गूंज से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
तिरंगा रैली नगर पंचायत की मुख्य गलियों एवं बाजारों से होकर निकाली गई। रैली में नगर पंचायत अध्यक्ष महोदया, सभासदगण, नगर पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, नगर पंचायत सहपऊ की छात्राओं तथा नगर के सम्मानित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
रैली के दौरान हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम की भावना के लिए प्रेरित किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने रैली को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष महोदया ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल तिरंगा फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने नगरवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने की अपील की।
तिरंगा रैली के माध्यम से नगर पंचायत सहपऊ में देशभक्ति, एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। रैली में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता से कार्यक्रम भव्य एवं उत्साहपूर्ण रहा।




