A2Z सभी खबर सभी जिले की

हिन्दू नव वर्ष के पूर्व संध्या पर डुमरियागंज महोत्सव का हुआ आयोजन ।

264 जोड़ों ने 33 हवन कुंडों में किया महायज्ञ, भजन-कीर्तन से गूंजा वातावरण

सिद्धार्थनगर में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा और हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत् 2082 के पूर्व संध्या पर राप्ती नदी तट स्थित परशुराम वाटिका में भव्य धार्मिक आयोजन हुआ। धर्म रक्षा मंच के तत्वावधान में आयोजित डुमरियागंज महोत्सव 2025 में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

कार्यक्रम का शुभारंभ 33 हवन कुंडों में महायज्ञ से हुआ, जिसमें 264 जोड़ों ने पीले वस्त्र धारण कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। महायज्ञ में श्रद्धालुओं ने गाय के घी व

हवन सामग्रियों से आहुति देकर लोककल्याण, सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना की।

शनिवार शाम आयोजित इस अनुष्ठान का नेतृत्व आचार्य बृजेश पाठक ने किया। पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह के मुख्य यजमान के रूप में कलश स्थापित करने के साथ ही 40 गुरुकुल छात्रों और विद्वान पुरोहितों के नेतृत्व में महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। हवन कुंडों के चारों ओर 4-4 जोड़ों ने दो चक्रों में यज्ञ किया, जिससे पूरा वातावरण वैदिक मंत्रों से गूंज उठा और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। महायज्ञ में गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय जाप, श्रीसूत, पुरुषसूक्त और देवीसूक्त का अखंड पाठ हुआ, जिससे क्षेत्र एक दिव्य ऊर्जा केंद्र में तब्दील हो गया।

भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल

कार्यक्रम के अगले चरण में मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण कर भारत माता की आरती और बालाजी सरकार के भव्य श्रृंगार के साथ पूजा-अर्चना की गई। जागरण कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायकों ने अपने गीतों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया। पंकज निगम के “बालाजी आएंगे…” और “अवध में राम आए हैं…” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

छप्पन भोग का प्रसाद वितरित

श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जहां सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। समापन पर भव्य आरती और छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा, “यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि धर्म जागरण और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। हिन्दू नववर्ष सनातन संस्कृति और राष्ट्र का महापर्व है, जिसे पूरे उत्साह से मनाना चाहिए।”

समाजसेवी और प्रशासनिक अधिकारी

इस अवसर पर धर्म रक्षा मंच के संरक्षक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने घाटा मेंहदीपुर बालाजी सेवक मंडल बस्ती के महेंद्र मद्धेशिया, विवेक गीरोत्रा, संजय गडिया, पंकज नन्दा सहित

अन्य श्रद्धालुओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, नरेंद्र मणि त्रिपाठी, डॉ. दशरथ चौधरी, लवकुश ओझा, एसडीएम डॉ. संजीव दीक्षित, तहसीलदार रवि कुमार यादव समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

हर साल आयोजित होगा महोत्सव

पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि बीते तीन वर्षों से बालाजी सरकार का भव्य श्रृंगार और महाआरती कर क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की जा रही है। यह आयोजन हिंदुत्व, भारतीय संस्कृति और धर्म रक्षा को समर्पित है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव अब हर वर्ष आयोजित किया जाएगा, जिससे सनातन धर्म और भारतीय परंपराओं को मजबूती मिलेगी।


Discover more from Vande Bharat Live Tv News

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Back to top button
error: Content is protected !!

Discover more from Vande Bharat Live Tv News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading