
बस्ती में SDM से हाथापाई, वकीलों पर थप्पड़ मारने का आरोप; पुलिस ने दर्ज की FIR
बस्ती जिले में हरैया तहसील के SDM मनोज प्रकाश से वकीलों ने अभद्रता की।आरोप है कि SDM मनोज प्रकाश के साथ वकीलों ने हाथापाई भी की।किसी तरह बच बचाकर SDM अपने चैंबर में पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
बस्ती जिले की हरैया तहसील में गुरुवार को SDM मनोज प्रकाश से एक अधिवक्ता ने अभद्रता की। आरोप है कि सुबह जब SDM मनोज प्रकाश की गाड़ी तहसील पहुंची तो तीन अधिवक्ता उनकी गाड़ी के पास पहुंच गए। जैसे ही SDM गाड़ी से उतरे, अधिवक्ताओं ने उनसे हाथापाई शुरू कर दी और थप्पड़ मार दिया। SDM को थप्पड़ मारने की सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस फोर्स तहसील परिसर में पहुंच गई। फिलहाल पुलिस पूरी घटना की जांच-पड़ताल में जुटी है। आरोपी अधिवक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना के संबंध में SDM मनोज प्रकाश ने बताया कि अधिवक्ता महीनाथ तिवारी का कोई मुकदमा था, जिसका फैसला इनके पक्ष में नहीं आया था। इसी के चलते महीनाथ तिवारी नाराज थे। गुरुवार सुबह जैसे ही मैं तहसील परिसर में अपनी गाड़ी से उतरा, तभी अधिवक्ता महीनाथ तिवारी, साधु प्रसाद और रामचंद्र मेरे ऊपर हमलावर हो गए। इन लोगों ने मेरे ऊपर हाथ भी उठाया।मुझे ऑफिस के अंदर जाने से रोकने लगे। किसी तरह अपने चैंबर में पहुंचकर मैंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
SDM ने दर्ज कराया मुकदमा
कोई कुछ समझ पाता, तब तक अधिवक्ता महीनाथ तिवारी फरार हो गए। SDM मनोज प्रकाश ने घटना के संबंध में पुलिस थाने में तहरीर दी और अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। वहीं SDM द्वारा अधिवक्ता के खिलाफ तहरीर दिए जाने के खिलाफ तहसील के वकील भी लामबंद हो गए। वकीलों ने तहसील का घेराव करते हुए कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर कर रही है।
सीओ ने दी घटना की जानकारी
वहीं घटना को लेकर सीओ संजय सिंह ने बताया कि तहसील में तीन अधिवक्ताओं महीनाथ तिवारी, साधु प्रसाद और रामचंद्र ने SDM मनोज प्रकाश से अभद्रता की। अपशब्दों का प्रयोग किया गया। SDM मनोज प्रकाश की तहरीर पर इन अधिवक्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है। ये सभी के सभी फरार हैं. इनकी तलाश की जा रही है।