
सोनभद्र। शाहगंज थाना क्षेत्र के मरांची गांव में बीती रात एक सनसनीखेज वारदात में अमरनाथ यादव (50 वर्ष) पुत्र बुदुक यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, अमरनाथ मूल रूप से रॉबर्ट्सगंज के रहने वाले थे और वर्तमान में मरांची गांव में रहकर खेती-बाड़ी का कार्य करते थे। सूत्रों के मुताबिक, अमरनाथ बीती रात अपने घर के बाहर सो रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते उनकी हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलते ही शाहगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हत्या का कारण माना जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी कर रही है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है।