
पुलिस मुठभेड़ में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी घायल, गिरफ्तार
फिरोजाबाद/रामगढ़, 7 जुलाई 2025
थाना रामगढ़ क्षेत्र में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सुहेल उर्फ छोटू को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई से पहले उसने जान से मारने की नीयत से फायर किया, जिसमें उपनिरीक्षक राजकुमार घायल हो गए।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी हसमतनगर स्थित अबू हुरैरा स्कूल के पास छुपा है। जब पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया। उसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी सुहेल उर्फ छोटू पुत्र अहजाज निवासी कोहिनूर रोड, थाना रामगढ़ का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना रामगढ़ में पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वहीं मुठभेड़ के संबंध में भी नया मुकदमा दर्ज किया गया है।
घायल आरोपी और उपनिरीक्षक राजकुमार को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दुबे के नेतृत्व में कुल 11 सदस्यीय टीम शामिल रही।
पुलिस की टीम में शामिल अधिकारी: प्रभारी निरीक्षक संजीव दुबे, उ.नि. राजकुमार, सुरेन्द्र कुमार, धर्मेन्द्र कुमार, दिवेस कुमार, अजय कुमार व अन्य सिपाही शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।