
गढ़वा। स्वतंत्रता दिवस को लेकर गढ़वा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। बुधवार को समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय के सभागार में पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के अनुसंधान व निष्पादन तथा स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने और असामाजिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया। चोरी की घटनाओं की रोकथाम, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा नियमित वाहन जांच अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया गया। चिनिया और नगरऊंटारी थाना क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।
बैठक में एसपी ने न्यायिक हिरासत से हाल में बाहर आए अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने, गुमशुदगी से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने तथा केस डायरी में घटनाओं का स्पष्ट और तथ्यात्मक उल्लेख करने को कहा। मालखाना में रखे प्रदर्शों एवं एनडीपीएस से संबंधित वस्तुओं का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ चलेगा जागरूकता अभियान
एसपी ने पशु तस्करी, नशाखोरी, बाल विवाह, डायन-बिसाही सहित अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। इसके लिए स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने लंबित कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने, एससी-एसटी एवं पॉक्सो मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन, वारंट-कुर्की का त्वरित निष्पादन तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट समय पर प्राप्त करने को कहा।
ड्रंक ड्राइविंग और साइबर अपराध पर विशेष नजर
एसपी ने ड्रंक ड्राइविंग, चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, साइबर अपराध और एनडीपीएस से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही पेट्रोलिंग की प्रभावी निगरानी, ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने तथा ई-साक्ष्य पोर्टल पर मामलों की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से करने को कहा।
एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।





