
गिनाईं पुनर्वास की ऐतिहासिक उपलब्धियां और दी नए विकास कार्यों की जानकारी
झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (JRDA) के नव-संचालित प्रशासनिक भवन, बेलगड़िया टाउनशिप (फेज V) के प्रांगण में कल दिनांक 15 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज द्वारा झंडोत्तोलन किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित विस्थापित परिवारों, प्राधिकार के अधिकारियों एवं स्थानीय निवासियों को संबोधित करते हुए संशोधित झरिया मास्टर प्लान (JMP) के तहत क्रियान्वित की जा रही योजनाओं, अब तक की प्रमुख उपलब्धियों तथा भविष्य की विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
वर्तमान प्रमुख उपलब्धियां एवं प्रगति:
81 उच्च-जोखिम (High-Risk) वाले अग्नि व भू-धंसान स्थलों से 837 परिवारों तथा परिधीय क्षेत्रों से 215 परिवारों को सुरक्षित बेलगड़िया टाउनशिप में स्थानांतरित किया गया है।
172 वास्तविक विधिक अधिकार धारक (LTH) परिवारों का सत्यापन पूर्ण कर 133 गैर-विधिक (Non-LTH) परिवारों को आवास आवंटन पत्र जारी किए गए हैं।
फेज V में प्रशासनिक भवन पूर्ण रूप से कार्यरत है।
2,000 विस्थापित आवास इकाइयों का निर्माण प्रगति पर है, जिसका 72% कार्य पूरा हो चुका है। फेज II और III के आंतरिक सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ किया गया है।
1.882 MWp क्षमता वाली व्यापक रूफटॉप सोलर परियोजना लागू की गई है। ऊर्जा की जरूरतों और सुरक्षा हेतु फेज I, II व III में 395 सोलर स्ट्रीट लाइट एवं 40 एलईडी स्ट्रीट लैंप लगाए गए हैं।
स्वास्थ्य शिविरों के लिए अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल वैन तैनात की गई है। मौजूदा हेल्थ सब-सेंटर (HSC) को लेबर रूम के रूप में अपग्रेड करने का कार्य 80% पूरा हो चुका है।
निवासियों की आजीविका हेतु 50 व्यावसायिक ई-रिक्शा वितरित किए गए हैं एवं मुफ्त इलेक्ट्रिक बस सेवा संचालित की जा रही है। महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) का 100% कवरेज हासिल किया गया है तथा ‘झारशिल्प पहल’ के तहत 80 स्थानीय कारीगरों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) के माध्यम से भुगतान और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए ‘मल्टी-चैनल ग्रीवांस रिड्रेसल सेल’ सक्रिय है।
*भविष्य के प्रस्तावित व प्रगतिरत विकास कार्य:*
स्थायी पेयजल आपूर्ति: दामोदर घाटी स्थायी जल पाइपलाइन परियोजना के तहत मई 2028 तक हर घर में नल का पानी पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके साथ ही केंद्रीकृत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) हेतु DPR पूर्ण हो चुकी है।
समर्पित पावर सबस्टेशन: 33KV पावर सबस्टेशन का निर्माण एवं स्मार्ट हाउसहोल्ड मीटरिंग की योजना पर कार्य जारी है।
उन्नत स्वास्थ्य ढांचा: 20 बिस्तरों वाले मॉडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का निर्माण प्रगति पर है (लक्ष्य: अप्रैल 2027)।
शैक्षणिक व कौशल विकास अवसंरचना: मेगा स्किल डेवलपमेंट सेंटर (लक्ष्य: नवंबर 2026), 9 आवासीय ब्लॉकों को स्किल ट्रेनी हॉस्टल में अपग्रेड करने का कार्य, तथा RSP कॉलेज के बड़े नवीनीकरण का टेंडर जारी किया जा चुका है।
शत-प्रतिशत सुरक्षित पुनर्वास: शेष बचे सभी उच्च-जोखिम वाले अग्नि व भू-धंसान क्षेत्रों से परिवारों का समयबद्ध एवं सुरक्षित स्थानांतरण सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज ने कहा कि “हमारा उद्देश्य मात्र आवास उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि विस्थापित परिवारों को एक सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सभी आधुनिक नागरिक सुविधाओं से युक्त गरिमापूर्ण वातावरण प्रदान करना है।”


