
नीमच: भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के आह्वान पर भाजपा जिला नीमच द्वारा कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के अपमान के विरोध में रविवार शाम विशाल विरोध प्रदर्शन एवं कैंडल मार्च निकाला गया। कार्यक्रम भारत माता चौराहा से प्रारंभ हुआ, जिसमें भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कैंडल एवं तिरंगा लेकर सहभागिता की। प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
कैंडल मार्च भारत माता चौराहे से शुरू होकर टैगोर मार्ग कमल चौक, भारत माता चौराहे से होते हुए विजय टॉकीज चौराहा पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय गीत के सम्मान और राष्ट्रभावना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा कांग्रेस द्वारा कथित अपमान के विरोध में आक्रोश जताया। भाजपा विधायक दिलीप सिंह परिहार, जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाती चोपड़ा, किरण शर्मा, राकेश पप्पू जैन, सुनील कटारिया, दारासिंह यादव, रामगोपाल पाराशर, सांसद प्रतिनिधि मनीष शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।



