

वंदे भारत ब्यूरो / नूर मोहम्मद
मुरादाबाद : संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
मैनाठेर :मुरादाबाद-संभल हाईवे से सटे गांव लालपुर हमीर में बुधवार सुबह विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतका के भाई इस्लाम ने बताया कि उसकी बहन अंजाना उर्फ अंजुम (30) की शादी वर्ष 2015-16 में लालपुर हमीर निवासी मुजस्सिर पुत्र फारूक के साथ हुई थी। शादी के बाद अंजाना ने चार बच्चों को जन्म दिया। इनमें फैसल (10), हैदर (8), मरियम (6) और महज चार माह की दूधमुंही बेटी मन्नत है। मृतका का पति ट्रक चालक है।
दूसरी महिला से बातचीत का विरोध बना विवाद की वजह
मायके पक्ष का आरोप है कि मुजस्सिर किसी दूसरी महिला से बातचीत करता था। अंजाना इसका विरोध करती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और कहासुनी होती थी। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर भी अंजाना को परेशान करते थे। मायके वालों के अनुसार कई बार उनकी मांग पूरी की गई, लेकिन इसके बावजूद अंजाना का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। मृतका के भाई के अनुसार बुधवार सुबह उन्हें अंजाना की तबीयत बिगड़ने की जानकारी लड़के के बहनोई के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग लालपुर हमीर पहुंचे। वहां अंजाना चारपाई पर पड़ी मिली। आरोप है कि उस समय ससुराल पक्ष के लोग घर पर मौजूद नहीं थे। स्थिति संदिग्ध लगने पर मायके पक्ष ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। घटना की जानकारी फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बन गया।
कार्यवाही की मांग को लेकर शव उठाने का विरोध
मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने शव को मौके से उठाने का विरोध किया, जिससे काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। क्षेत्राधिकारी बिलारी के मौके पर पहुंचने के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर राजी हुए।
10 से अधिक लोगों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप
मृतका के भाई इस्लाम ने पुलिस को दी तहरीर में सास परवीन पत्नी फारूक, अमरीन पत्नी आश्कार निवासी मझोली, फहीन, फरहा, मुजम्मिल पुत्र फारूक निवासी लालपुर बस्तौर, मुजस्सिर पुत्र फारूक, मुकम्मिल, फारूक, आमना पत्नी मुजम्मिल और सुब्हान सहित अन्य लोगों पर दहेज के लिए अंजाना की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
चार मासूमों के सिर से उठा मां का साया
अंजाना की मौत ने उसके चार मासूम बच्चों को मां की ममता से हमेशा के लिए दूर कर दिया। सबसे छोटी बेटी मन्नत महज चार माह की है, जो अभी मां के दूध और गोद के सहारे की उम्र में है। मां की मौत के बाद मासूम बच्ची समेत चारों बच्चों की परवरिश को लेकर परिवार के सामने बड़ी चिंता खड़ी हो गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्राधिकारी बिलारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








